रात में खंडहर के पीछे चल रहा था जुए का खेल, बोकारो पुलिस ने मारी रेड ; 10 लोग पकड़े गए
बोकारो चास थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के एक अड्डे पर छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
Bokaro: बोकारो चास थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुए के एक अड्डे पर छापेमारी कर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर की रात अंसारी मोहल्ला स्थित सुधीर खटाल के पीछे एक खंडहरनुमा मकान में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही चास पुलिस ने विशेष टीम तैयार की और बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बावजूद पुलिस ने मौके से 10 लोगों को पकड़ लिया।
मौके से मोबाइल और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से 10 मोबाइल फोन, 4,840 रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों में चास और आसपास के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले लोग शामिल हैं।
छोटू खान पर अड्डा चलाने का आरोप
चास इंस्पेक्टर के अनुसार, इस जुए के अड्डे को छोटू खान नामक व्यक्ति संचालित कर रहा था। पुलिस का कहना है कि छोटू खान पहले भी जेल जा चुका है। अड्डे के संचालन और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
केस दर्ज, आगे की कार्रवाई शुरू
मामले को लेकर चास थाना कांड संख्या 111/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध तरीके से जुआ संचालित करने वालों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि ऐसे ठिकानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






