G7 Summit 2026: आज होगी मोदी-ट्रंप की महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
व्यापार से लेकर ऊर्जा सुरक्षा तक, मोदी-ट्रंप बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन होने की है संभावना.

फ्रांस के एवियन में चल रहे G7 Summit 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ करेंगे द्विपक्षीय बैठक। यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है जब दुनिया पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक व्यापार से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रही है।
बैठक में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते, ऊर्जा सहयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), निवेश, सप्लाई चेन और वैश्विक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों देश लंबे समय की ऊर्जा साझेदारी को और मजबूत करने पर भी विचार कर सकते हैं। साथ ही पश्चिम एशिया की स्थिति और होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ी अस्थिरता के असर पर भी बातचीत हो सकती है।
इससे पहले G7 Summit के आउटरीच सत्र में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात हुई थी, जहां दोनों नेताओं ने संक्षिप्त बातचीत भी की। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पश्चिम एशिया में शांति प्रयासों का स्वागत किया, लेकिन क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे प्रभाव को लेकर चिंता भी जताई।
उन्होंने कहा कि समुद्री व्यापार मार्गों की सुरक्षा और नाविकों की रक्षा सभी देशों की साझा जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री ने यह भी दोहराया कि वैश्विक विवादों का स्थायी समाधान बातचीत, कूटनीति और सहयोग के जरिए ही संभव है।
भारत इस बार G7 Summit में साझेदार देश के रूप में शामिल हुआ है। यह G7 की आउटरीच प्रक्रिया में भारत की 13वीं और प्रधानमंत्री मोदी की लगातार सातवीं भागीदारी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

भारत ने रक्षा उत्पादन में बनाया नया रिकॉर्ड, ₹1.78 लाख करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा

FIFA: मैच खत्म होते ही ईरानी टीम को अमेरिका से निकलने का फरमान !







