Jharkhand Assembly budget session: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज, 21 फरवरी 2026 (शनिवार) को चौथा दिन है. आज पहली पाली में प्रश्नकाल के जरिए सदस्य अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को सदन की पटल पर रखेंगे. जबकि प्रश्न काल में आए सवालों का विभागीय मंत्री जवाब देंगे. वहीं दूसरी पाली में अनुपूरक बजट पर चर्चा होगी. आपको बता दें, शुक्रवार (20 फरवरी 2026) को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सदन में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 6450 करोड़ रुपए का तृतीया अनुपूरक बजट पेश किया है.
ग्रामीण विकास विभाग को मिला सबसे ज्यादा फंड
वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 6450 करोड़ के तृतीया अनुपूरक बजट में सबसे ज्यादा फंड ग्रामीण विकास विभाग को दिया गया है. ग्रामीण कार्य को 1717.58 करोड़ की राशि आवंटित की गई. इसके अलावा महिला बाल विकास विभाग को 779 करोड़ की राशि, पंचायती राज को 658 करोड़, ग्रामीण विकास को 594 करोड़, गृह कर और आपदा विभाग को 407 करोड़, स्वास्थ्य को 323 करोड़, खान विभाग को 300 करोड़, ऊर्जा को 281 करोड़, वन एवं पर्यावरण को 177 करोड़, जल संसाधन को 159 करोड़, कल्याण विभाग को 105 करोड़, स्कूली शिक्षा को 75 करोड़, राजस्व एवं निबंधन को 24 करोड़ और श्रम नियोजन को 22 करोड़ रुपए आवंटित की गई है.
सदन में विपक्ष की भूमिका नजर आ रही शांत
सत्र की कार्यवाही के दौरान अबतक सदन में विपक्ष की भूमिका शांत बैठी नजर आ रही है. माना जा रहा है कि झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में विपक्षी पार्टी बीजेपी नगर निकाय चुनाव के बाद सरकार पर आक्रामक हो सकती है. चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में विधायकों की बैठक होगी जिसमें राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक अराजकता जैसे कई मुद्दे उठाने की रणनीति बनाई जा सकती है.
18 फरवरी से शुरू हुआ है बजट सत्र
विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी 2026 (बुधवार) से शुरू हुआ है जो आगामी 19 मार्च तक चलेगा. 18 फरवरी को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने अभिभाषण के साथ विधानसभा के बजट सत्र की शुरूआत की है. सत्र के दौरान 24 फरवरी 2024 को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर सदन में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का आम बजट पेश करेंगे. इसके बाद आम बजट पर 25 फरवरी को सामान्य चर्चा होगी. आपको बता दें, 19 मार्च 2026 को गैर सरकारी संकल्प के साथ निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सत्र का विधिवत समापन होगा.
रिपोर्ट- तनय खंडेलवाल








