एयरपोर्ट शुरू होने में देरी पर पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने उठाए सवाल, बोले- 500 दिन बाद भी नहीं मिली उड़ान
बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने में देरी पर पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि एयरपोर्ट का 90% कार्य पूरा होने के बावजूद समन्वय की कमी और तकनीकी कारणों से उड़ान शुरू नहीं हो सकी है।


बोकारो एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने में हो रही देरी को लेकर पूर्व विधायक बिरंची नारायण ने राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट का अधिकांश कार्य पूरा होने के बावजूद अब तक उड़ान सेवा का न शुरू होना एक गंभीर चिंता का विषय है। पूर्व विधायक का यह बयान उस संयुक्त निरीक्षण के बाद आया है, जिसमें जिला प्रशासन, झारखंड नागरिक उड्डयन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और बोकारो स्टील लिमिटेड (BSL) के अधिकारियों ने एयरपोर्ट का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और डीजीसीए (DGCA) का लाइसेंस मिलते ही उड़ान सेवा शुरू की जा सकती है।
'100 दिन का वादा, 500 दिन बाद भी इंतजार'
बिरंची नारायण ने कहा कि अगर सभी संबंधित एजेंसियां समय पर और गंभीरता से काम करतीं, तो बोकारो एयरपोर्ट से उड़ानें अब तक शुरू हो चुकी होतीं। उन्होंने बोकारो विधायक श्वेता सिंह के उस चुनावी वादे का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने 100 दिनों के भीतर एयरपोर्ट चालू करने का आश्वासन दिया था। उनका कहना है कि अब 500 दिनों से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन हवाई सेवा अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।
पूर्व विधायक ने यह कहा कि राज्य सरकार, BSL और एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत है। उनके मुताबिक, यही वजह है कि परियोजना में बार-बार देरी हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि रनवे की विजिबिलिटी से जुड़ी तकनीकी समस्या को हल करने के लिए लगभग ₹25 करोड़ की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ेगी। इसके अलावा, एयरपोर्ट पर लगाए गए उपकरणों के रखरखाव में भी लापरवाही बरती जा रही है।
उड़ान शुरू होने का इंतजार
बिरंची नारायण ने बताया कि बोकारो एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा तभी शुरू हो पाएगी जब इन तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियों का समाधान हो जाएगा। हालांकि, इस मामले में राज्य सरकार, BSL या एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की तरफ से पूर्व विधायक के आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
(बोकारो से संजीव कुमार सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज FIR के विरोध में प्रदर्शन, बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर बोला हमला

सरकारी जलापूर्ति योजना पर दबंगों का धावा! हथियार लहराकर पाइपलाइन का काम रुकवाया







