FIFA: कनाडा ने रचा इतिहास, कतर को 6-0 से दी शिकस्त
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कनाडा ने कतर को 6-0 से हराकर प्रतियोगिता में दर्ज की अपनी पहली जीत. जोनाथन डेविड ने दागे 3 गोल.

FIFA WORLD CUP 2026 : फीफा वर्ल्ड कप में कनाडा ने इतिहास रचते हुए कतर को 6-0 से करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस मुकाबले में कतर की मुश्किलें लगातार बढ़ती गईं, क्योंकि टीम को लंबे समय तक सिर्फ नौ खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। पहले हाफ में होमान अहमद को रेड कार्ड दिखाया गया, जबकि दूसरे हाफ में आसिम मादिबो खतरनाक टैकल के कारण मैदान से बाहर भेजे गए।
कनाडा ने विरोधी टीम की कमजोर होती स्थिति का पूरा फायदा उठाया और एकतरफा अंदाज में मैच अपने नाम किया। स्टार स्ट्राइकर जोनाथन डेविड ने शानदार हैट्रिक जमाते हुए तीन गोल किए। उनके अलावा काइल लारिन और नाथन सलीबा ने भी गोल दागे, जबकि कतर के मोहम्मद मनाई ने आत्मघाती गोल कर कनाडा की बढ़त और बढ़ा दी।
इस मैच को देखने के लिए कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी भी स्टेडियम में मौजूद थे। वे फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो के साथ दर्शक दीर्घा में बैठे नजर आए।
इस जीत के साथ कनाडा ने वर्ल्ड कप में जीत का लंबा इंतजार खत्म कर दिया। टीम को अपने आठवें मैच में पहली सफलता मिली। इससे पहले उसका मुकाबला बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ ड्रॉ रहा था। वहीं कतर ने भी अपने शुरुआती मैच में स्विट्जरलैंड के साथ अंक साझा किए थे। इस जीत के साथ कनाडा अपने ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गया है |
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









