सरायकेला में बेखौफ अपराधियों ने की फायरिंग, पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद
खबर जिले के आदित्यपुर थाना इलाके की है जहां हथियार से लैस अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया है. यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

Saraikela (Jharkhand): सरायकेला जिले में बेखौफ अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे है. खबर जिले के आदित्यपुर थाना इलाके की है जहां हथियार से लैस अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया है. यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वहीं, गोलीबारी की इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल है.
सीसीटीवी कैमरे में साफ देखा जा सकता है कि बेखौफ अपराधी किस तरह से आदित्यपुर थाना इलाके के रहने वाले सपन दास के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे हैं, मामले में जानकारी देते हुए सपन दास ने बताया कि अपराधियों द्वारा इस वारदात को सुबह-सुबह करीब 6:55 बजे अंजाम दिया गया है. 
जानकारी के अनुसार, बताया जा रहा है कि दो बदमाश अचानक उनके घर के पास पहुंचे और उनमें से एक ने खिड़की की ओर तीन राउंड फायरिंग कर दी. घटना के समय घर के सदस्य अपने- अपने काम में व्यस्त थे. फायरिंग की घटना को अंजाम देकर अपराधी मौके से फरार हो गए. वहीं, सपन चौधरी को उनके घर में किराये पर रह रहे लोगों ने घटना की जानकारी दी. जिसके बाद घर के बाहर निकलने के बाद घटनास्थल दो खोखा बरामद हुआ. 
जब उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाला तो देखा कि दो युवक फायरिंग करते और भागते नजर आ रहे हैं, जबकि एक अन्य युवक स्कूटी पर सवार उनकी प्रतीक्षा करते देखा जा रहा है. इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खोखा जब्त कर मामले में जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी स्थानीय बताए जा रहे हैं, हालांकि फायरिंग के पीछे के कारणों का अबतक कोई स्पष्ट वजह का पता नहीं चल सका है. हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की कानून- व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
बता दें, आदित्यपुर चुनाभट्टा स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक्स में हुए गोलीकांड का भी अब तक खुलासा नहीं हो सका है. ऐसे में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाएं पुलिस की सक्रियता और अपराध नियंत्रण पर सवालिया निशान लगा रही हैं. स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. लोगों ने प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
रिपोर्ट- बिनोद केसरी
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.








