बोकारो में 'मुर्दे' भी ले रहे सैलरी!, दिवंगत शिक्षक के नाम पर 14.65 लाख का गबन, शिक्षा विभाग में हड़कंप
बोकारो के पेटरवार स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सदमाकला में वर्ष 2021 में दिवंगत शिक्षक के नाम पर कथित रूप से 14.65 लाख रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है।

BOKARO: बोकारो जिले में प्रशासनिक घोटालों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बोकारो ट्रेजरी से पुलिस विभाग के वेतन की अवैध निकासी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब जिला शिक्षा विभाग में एक और बड़ा घोटाला उजागर हो गया है। इस बार तो हद ही हो गई... साल 2021 में दुनिया छोड़ चुके एक शिक्षक के नाम पर लाखों रुपये की सरकारी राशि डकार ली गई।
दिवंगत शिक्षक के नाम पर बने 3 फर्जी बिल
मामला बोकारो जिला के पेटरवार प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय (सदमाकला) का है। आरोप है कि वर्ष 2021 में दिवंगत हुए शिक्षक संतोष कुमार शर्मा के नाम पर कथित रूप से तीन बिल बनाकर 14.65 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) अतुल चौबे ने गबन की पुष्टि की है। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
सस्पेंशन तो हुआ, पर FIR दर्ज कराने में ढील क्यों?
मामला सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर निलंबन की कार्रवाई तो कर दी गई है, लेकिन अब तक मामले में पुलिस प्राथमिकी (FIR) दर्ज न कराए जाने को लेकर प्रशासनिक नीयत पर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल, स्थापना उप समाहर्ता को जांच कमेटी गठित कर पूरे मामले की गहनता से पड़ताल करने का निर्देश दिया गया है।
DSE का दावा, दोषियों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल चौबे ने बताया कि यह फर्जीवाड़ा पिछले जून महीने से जांच के दायरे में था। तीन अलग-अलग बिलों के जरिए एक ही नाम से 12 से 14 लाख से अधिक की राशि निकाली गई है। "गलत तरीके से राशि निकासी की पूरी समयावधि और क्रियाकलापों की जांच चल रही है। यह भी देखा जा रहा है कि इस खेल में अन्य कौन-कौन से कर्मी या शिक्षक शामिल हैं। मामला बेहद गंभीर है, इसमें विभागीय जांच के अलावा सख्त कानूनी और आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।"
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड में मानसून कमजोर, 24 में से 18 जिलों में सामान्य से कम बारिश

53 साल के शख्स को भारी पड़ा 'इश्क'!, पत्नी के आशिक को डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, 24 घंटे में सुलझी मर्डर मिस्ट्री







