सुल्तानगंज-देवघर मार्ग के जर्जर रेलवे ओवरब्रिज पर भारी वाहनों की एंट्री होगी बंद !
सुल्तानगंज-देवघर मार्ग स्थित जर्जर रेलवे ओवरब्रिज पर सुरक्षा के मद्देनजर चार-पांच दिनों में बैरियर लगाए जाएंगे. मरम्मत पूरी होने तक भारी वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी.

Bhagalpur, Bihar: भागलपुर जिले के सुल्तानगंज-देवघर मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के जर्जर होने पर आरसीडी पथ निर्माण प्रमंडल, भागलपुर द्वारा भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है.
आरसीडी पथ निर्माण प्रमंडल, भागलपुर के जेई सोएब अंसारी ने बताया कि सुल्तानगंज-देवघर मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज की खराब स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन को रोकने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि चार से पांच दिनों के भीतर बैरियर लगाकर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी जाएगी. जब तक रेलवे ओवरब्रिज की मरम्मत पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. मौके पर विभागीय टीम और कर्मचारी मौजूद थे.
गौरतलब है कि बिहार में हाल के वर्षों में कई पुल या तो क्षतिग्रस्त हुए हैं या फिर गिर चुके हैं. सरकार और प्रशासन किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए एहतियाती कदम उठा रहे हैं. इसी कड़ी में सुल्तानगंज में यह तैयारी की जा रही है.
हालांकि, केवल आवागमन रोकने या बैरियर लगाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. सरकार और प्रशासन को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि पुलों के रखरखाव और समय पर मरम्मत की व्यवस्था मजबूत हो, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं उत्पन्न न हों.
यदि इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आम लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. अभी भागलपुर के विक्रमशिला पुल से जुड़ी समस्याएं पूरी तरह समाप्त भी नहीं हुई हैं कि सुल्तानगंज स्थित रेलवे ओवरब्रिज की स्थिति चिंता का विषय बन गई है.
अब देखने वाली बात यह होगी कि डबल इंजन की सरकार बिहार में पुलों के गिरने और क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं पर कितनी प्रभावी ढंग से नियंत्रण कर पाती है. इस पर लोगों की नजर बनी हुई है.
(भागलपुर से अतीश दीपंकर की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

असम वायुसेना विमान हादसे में बुझ गया घर का इकलौता चिराग, चंद रोज पहले छुट्टी से ड्यूटी पर लौटा था दानिश

मधुबन उत्पाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब माफियाओं पर कसा शिकंजा, बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद







