Ranchi के बंगला स्कूल परिसर में नाट्य कार्यशाला का समापन 17 फरवरी को, 'ताजमहल का टेंडर' का होगा मंचन
17 फरवरी को होने वाला नाटक “ताजमहल का टेंडर” इस कार्यशाला के प्रशिक्षण की सृजनात्मक परिणति होगी. यह कार्यशाला रांची में रंगमंच के प्रति बढ़ती जागरूकता और नई पीढ़ी के गंभीर रुझान का सशक्त उदाहरण है.

Jharkhand (Ranchi): राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) एवं रांची की प्रतिष्ठित नाट्य संस्था एक्सपोजर के संयुक्त तत्वावधान में 12 जनवरी से बंगला स्कूल परिसर, रांची में संचालित निशुल्क नाट्य कार्यशाला का समापन 17 फरवरी को होगा. समापन के अवसर पर कार्यशाला के प्रतिभागियों द्वारा व्यंग्यात्मक एवं समकालीन विषय पर अजय शुक्ला द्वारा लिखित नाटक “ताजमहल का टेंडर” का मंचन देश प्रिया क्लब के सभागार में शाम 6:30 बजे किया जाएगा.
इस कार्यशाला में 25 प्रतिभागी शामिल हैं. कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से प्रशिक्षित वरिष्ठ रंगकर्मी संजय लाल तथा सहायक के रूप में इंडियन थिएटर डिपार्टमेंट, चंडीगढ़ से प्रशिक्षित रंगकर्मी रोहित पांडेय ने प्रतिभागियों को अभिनय की बारीकियों, रस-भाव, तथा शारीरिक, वाचिक, आहार्य और सात्विक अभिनय के विभिन्न आयामों की व्यावहारिक समझ दी. विश्व रंगमंच, लोक रंगमंच और भारतीय रंगमंच की जानकारी देते हुए नाट्यशास्त्र के बारे में प्रतिभागियों को बताया. अभिनय की बारीकियों को सीखने व समझने के लिए कई सारे अभ्यास भी करवाए गए.
कार्यशाला में कई विशिष्ट अतिथियों ने की सहभागिता
राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से एलुमनी काजल मुंडू ने अभिनय की गहन प्रक्रियाओं पर प्रकाश डाला. रांची के वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. कमल बोस ने रंगमंच की परंपरा और समकालीन संदर्भों पर अपने अनुभव साझा किए. मुंबई से पधारे वरिष्ठ सिनेमा एवं थिएटर कलाकार विजय कुमार तथा राजेश जैश ने रंगमंच और सिनेमा के व्यावहारिक पक्षों, प्रस्तुति की संरचना एवं पेशेवर अनुशासन पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया.
इसके अतिरिक्त कोलकाता की भूमिसूता दास ने भी प्रतिभागियों को अभिनय एवं रंगमंच के विभिन्न पहलुओं पर गहन जानकारी दी. जबकि राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय बनारस केंद्र के हिमांशु कुमार ने प्रतिभागियों को रंगशिल्प की जानकारी दी.
संगीत का विशेष प्रशिक्षण सत्र वरिष्ठ शास्त्रीय संगीतकार रथीन मुखर्जी द्वारा लिया गया, जिसमें नाट्य संगीत, लय-ताल और मंचीय प्रस्तुति में संगीत की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई.
“ताजमहल का टेंडर” की प्रस्तुति देंगे कलाकार
17 फरवरी को होने वाला नाटक “ताजमहल का टेंडर” इस कार्यशाला के प्रशिक्षण की सृजनात्मक परिणति होगी, प्रतिभागियों में से दिव्या गुप्ता, दिलशान, अरबाज, इशांत, सोनिया मिश्रा, कुमारी श्वेता, कुंदन मिश्रा, आयुष आर्यन, श्वेतांग सागर, रिपु सुदन साहू, रोशन प्रकाश, रतन, आस्था रानी आदि कई कलाकार नाट्य प्रस्तुति पेश करेंगे. यह कार्यशाला रांची में रंगमंच के प्रति बढ़ती जागरूकता और नई पीढ़ी के गंभीर रुझान का सशक्त उदाहरण है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

तोहफे में झाड़ू लेकर भी.. क्यों खुश नजर आ रहीं रांची मेयर रोशनी खलखो

OBC आरक्षण के साथ पहली बार झारखंड में पंचायत चुनाव, तय समय पर चुनाव कराने की झारखंड सरकार की तैयारी






