बच्ची की पुकार पर पहुंचे उपायुक्त, दिव्यांग दंपति को मिला आवास और सरकारी योजनाओं का लाभ
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में छोटी बच्ची ललिता कुमारी के आग्रह को गंभीरता से लेते हुए उसके घर पहुंचकर संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया।

Medininagar Palamu उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में छोटी बच्ची ललिता कुमारी के आग्रह को गंभीरता से लेते हुए उसके घर पहुंचकर संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण प्रस्तुत किया। बच्ची ने अपने माता-पिता दोनों के दिव्यांग होने के कारण आवास एवं अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की थी।
उपायुक्त ने परिवार से मुलाकात कर बच्ची की अभिव्यक्ति क्षमता की सराहना की तथा उसके छोटे भाई सहित चारों बच्चों को जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने दिव्यांग दंपति को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत किया और ट्राई साइकिल भी उपलब्ध कराई।
इस दौरान उपायुक्त ने बच्चों की पढ़ाई की जानकारी ली और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए निरंतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्ची के भाई आशिक कुमार एवं बहन आरती कुमारी का नामांकन नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र में कराया तथा स्वयं उपस्थिति रजिस्टर में प्रविष्टि की।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परिवार को सभी पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए तथा बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रखा जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने ललिता कुमारी के साथ मिलकर नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने बच्चों के बीच स्लेट, कॉपी, पेंसिल, शार्पनर, इरेज़र सेट एवं फलों का वितरण किया और उनसे संवाद भी किया। उपायुक्त ने इस मामले को प्रशासन तक पहुंचाने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग जनहित के मुद्दों को सामने लाने और जरूरतमंदों तक सरकारी सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ओरमांझी के कलकत्ता पब्लिक स्कूल में योग शिविर का आयोजन, योग के महत्व पर हुई चर्चा

मेदिनीनगर : जमीनी विवाद में भतीजे ने चाचा को मारी गोली, मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे संजय तिवारी







