मनातू के एकलव्य विद्यालय पहुंचे उपायुक्त, शिक्षा, खेल और छात्रावास व्यवस्था का किया निरीक्षण
मनातू के एकलव्य विद्यालय पहुंचे उपायुक्त, शिक्षा, खेल और छात्रावास व्यवस्था का लिया जायजा

Medaninagar Palamu पलामू के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को मनातू स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद, छात्रावास एवं अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में आयोजित इंटर हाउस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में भाग ले रही छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और खिलाड़ियों से मुलाकात कर खेल भावना, अनुशासन एवं नियमित अभ्यास के महत्व पर बल दिया।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और जीवन में अनुशासन एवं मेहनत को सफलता की कुंजी बताया।
इसके बाद उपायुक्त ने विद्यालय के छात्रावास और मेस का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा छात्रावास और मेस में स्वच्छता के सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने उपायुक्त के समक्ष फुटबॉल मैदान को व्यवस्थित ढंग से विकसित कराने की मांग रखी। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए मैदान के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
विद्यालय भवन के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भवन के कुछ हिस्सों में छत से पानी रिसने की समस्या भी देखी। उन्होंने संबंधित एजेंसी एवं अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत कार्य कराने तथा भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक मरम्मत कार्य समय पर पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के बाद लौटने के क्रम में उपायुक्त सर्पदंश से प्रभावित एक परिवार के घर भी पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव प्रशासनिक सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही परिवार की एक बच्ची को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने की पहल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया, ताकि उसकी शिक्षा एवं बेहतर भविष्य के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इस अवसर पर सहायक समाहर्ता मेहता, अंचलाधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अवैध बिजली तार बिछाकर युवक की मौत, शव बालू में दबाया; पलामू पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

भ्रष्टाचार के खिलाफ झारखंड क्रांति मंच का धरना, पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा







