गढ़वा में गजब का फर्जीवाड़ा!, 30 टन मक्का बेचकर रचा एक्सीडेंट का नाटक, बकाया पैसा लेने पहुंचा चालक गिरफ्तार
गढ़वा में 30 टन मक्का बेचकर ट्रक दुर्घटना का फर्जी नाटक रचने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। चालक, व्यापारी और दो बिचौलियों समेत चार आरोपी गिरफ्तार हुए।

Garhwa News : झारखंड के गढ़वा जिले में एक्सीडेंट का झूठा नाटक रचकर ट्रक पर लदा लाखों का माल बेचने का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पलामू जिले के रेहला निवासी ओमप्रकाश शुक्ला के ट्रक (NL- 01 AB 8599) पर लदे 30 टन मक्का को धोखे से बेच दिया गया और मामले को सड़क हादसा दिखाने की नाकाम कोशिश की गई। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले का पर्दाफाश करते हुए ट्रक चालक, मक्का खरीदने वाले व्यापारी और दो बिचौलियों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
4.80 लाख में बेचा मक्का, फिर रचा हादसे का नाटक
पुलिस की पूछताछ में चालक ने पूरा सच उगल दिया। उसने बताया कि वह रेहला से छत्तीसगढ़ मक्का लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही नियत बिगड़ गई। उसने अपने सहयोगियों की मदद से गढ़वा के रंका निवासी व्यापारी संतोष कुमार को पूरा 30 टन मक्का 4 लाख 80 हजार रुपये में बेच दिया। इसमें से व्यापारी ने 3 लाख 10 हजार रुपये का नकद भुगतान कर दिया था, जबकि 1 लाख 70 हजार रुपये बकाया थे। मक्का ठिकाने लगाने के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से आरोपियों ने खुथुवा मोड़ से आगे नेशनल हाईवे 343 पर ट्रक को जानबूझकर दुर्घटनाग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गए।
बकाया पैसा वसूलने पहुंचा था चालक, यूं खुला राज
इस साजिश में मक्का बेचने पर चालक पंकज को 2 लाख 80 हजार रुपये मिले थे, जबकि उसके सहयोगियों को 15-15 हजार रुपये दिए गए थे। बकाया 1 लाख 70 हजार रुपये लेने के लिए चालक पंकज अपने दोस्त और बिचौलिए आदित्य के पास रंका बाजार पहुंचा था। इसी दौरान रंका थाना पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। चालक की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर व्यापारी संतोष कुमार और बिचौलियों आदित्य द्विवेदी व प्रकाश कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
संगीन वारदातों में शामिल रहा है शातिर चालक
पुलिस जांच में सामने आया है कि मक्का चोरी करने वाला ट्रक चालक पंकज पासवान (निवासी कदवा, धुरकी थाना) कोई सीधा-साधा ड्राइवर नहीं, बल्कि एक पेशेवर अपराधी है। वह पहले भी बैंक लूट, डकैती और चोरी जैसे संगीन मामलों में शामिल रहा है और गढ़वा के भवनाथपुर, धुरकी व नगर थाने से जेल जा चुका है। हाल ही में जमानत पर बाहर आने के बाद वह ट्रक चला रहा था और मौका मिलते ही गाड़ियों से सामान चोरी कर बेच दिया करता था। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी 11 अगस्त को दर्ज की थी और अब चारों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

"CID जांच सही तरीके से नहीं हो रही...", JPSC-JSSC परीक्षा रद्द करने और CBI जांच के लिए हाईकोर्ट में PIL दायर

जैन तीर्थ पारसनाथ की सुरक्षा पर बड़ा फैसला!, हाईकोर्ट ने कहा- 'गिरिडीह DC खुद मौके पर जाकर करें जांच'







