रक्षाबंधन पर बैंक बंद रखने की मांग, मुख्य सचिव से NI एक्ट के तहत अवकाश घोषित करने की अपील
रक्षाबंधन से पहले झारखंड में छुट्टी को लेकर नई मांग उठी है। झारखंड ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ ने सरकार से अपील की है कि रक्षाबंधन के दिन नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए। इस मांग को लेकर मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजा गया है।

GODDA /JHARKHAND : झारखंड ग्रामीण बैंक कर्मचारी संघ के महासचिव नितेश कुमार मिश्रा ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने की मांग को लेकर झारखंड सरकार के मुख्य सचिव को विस्तृत ज्ञापन ई-मेल के माध्यम से प्रेषित किया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि माननीय राज्यपाल, माननीय मुख्यमंत्री, अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव (वित्त विभाग), सचिव (कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग), सचिव (श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग) तथा राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC), झारखंड को भी भेजी गई है।
महासचिव नितेश कुमार मिश्रा ने अपने ज्ञापन में कहा है कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों एवं नारी सम्मान का प्रतीक एक प्रमुख पर्व है। इसके बावजूद झारखंड में आज तक रक्षाबंधन के अवसर पर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक अवकाश नहीं होने से बैंककर्मियों, कर्मचारियों एवं अनेक परिवारों को इस पावन पर्व पर अपने सामाजिक एवं पारिवारिक दायित्वों के निर्वहन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि झारखंड सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच का परिचायक है। ऐसे में भाई-बहन के अटूट स्नेह एवं नारी सम्मान के प्रतीक रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाना उसी संवेदनशील सोच का स्वाभाविक विस्तार होगा।
नितेश कुमार मिश्रा ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि वर्ष 2026 में रक्षाबंधन के अवसर पर आवश्यक अधिसूचना जारी कर नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के अंतर्गत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए, ताकि बैंककर्मियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को अपने परिवार के साथ यह पावन पर्व गरिमापूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाने का अवसर प्राप्त हो सके। नितेश कुमार मिश्रा ने आशा व्यक्त की कि झारखंड सरकार जनभावनाओं, पारिवारिक मूल्यों एवं महिला सम्मान को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक विचार करेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









