दिल्ली हेल्थ स्कैम: 650 करोड़ मामले में ACB का बड़ा एक्शन, 6 हिरासत में
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कथित 650 करोड़ रुपये के खरीद घोटाला मामले में एंटी करप्शन ब्रांच ने जांच तेज कर दी है। कार्रवाई के तहत छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और खरीद प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है।

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कथित 650 करोड़ रुपये के दवा और मेडिकल उपकरण खरीद मामले में जांच तेज हो गई है। भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए छह संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इनमें विभाग से जुड़े कुछ कर्मचारी और खरीद प्रक्रिया से जुड़े लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियां यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि दवाओं और स्वास्थ्य उपकरणों की खरीद तय नियमों और जरूरत के अनुसार की गई थी या नहीं। इसी कड़ी में कई दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की वर्तमान प्रभारी डीजीएचएस डॉ. सुषमा जैन से भी मामले को लेकर जानकारी ली गई है। जांच टीम ने विभागीय रिकॉर्ड, खरीद फाइलों और संबंधित दस्तावेजों की मांग की है। हालांकि उनकी ओर से इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश के बाद जांच प्रक्रिया को और तेज किया गया। ACB अब खरीद से जुड़े हर चरण की जांच कर रही है, जिसमें टेंडर मंजूरी, सामान की सप्लाई, भुगतान प्रक्रिया और संबंधित कंपनियों की भूमिका शामिल है।
जांच एजेंसियों का फोकस इस बात पर भी है कि कहीं खरीद में बाजार कीमत से अधिक भुगतान, जरूरत से ज्यादा सामान की खरीद या नियमों में किसी तरह की अनदेखी तो नहीं हुई। शुरुआती जांच में कुछ ऐसे बिंदु सामने आए हैं जिनकी विस्तार से पड़ताल की जा रही है।
इस पूरे मामले की शुरुआत केंद्रीय प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) के जरिए अस्पतालों के लिए दवाइयों, सर्जिकल सामग्री और मेडिकल उपकरणों की खरीद में कथित अनियमितताओं के आरोपों से हुई थी। आरोप हैं कि कुछ मामलों में प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से नहीं अपनाई गई और कुछ सप्लायर्स को अनुचित लाभ पहुंचाया गया।
इससे पहले जांच एजेंसी इस मामले में सीपीए के पूर्व प्रमुख डॉ. विनोद कुमार रंगा के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कुछ पूर्व अधिकारियों के खिलाफ भी कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कथित करोड़ों रुपये के खरीद मामले में पूर्व डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) डॉ. वत्सला अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को की गई। इसी मामले में डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स नीरज चोपड़ा को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई पहले गिरफ्तार किए गए सीपीए के पूर्व प्रमुख डॉ. विनोद कुमार रंगा से पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई गई।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

UP News: अस्पतालों और होटलों की फायर एनओसी पर CM योगी सख्त, समय से पहले नोटिस के निर्देश

केसरिया रंग में चमकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, झांसी में रोबोटिक तकनीक से चल रहा कायाकल्प







