खूंटी समेत 17 जिलों में डीसी का तबादला, झारखंड प्रशासन में बड़ा फेरबदल
रांची के डीडीसी सौरभ कुमार भुवानिया बने खूंटी के नए उपायुक्त, देर रात जारी अधिसूचना तत्काल प्रभाव से लागू

रांची :- झारखंड सरकार ने शुक्रवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 17 अधिकारियों का तबादला कर दिया। सभी अधिकारियों को विभिन्न जिलों का उपायुक्त बनाकर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है और आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इस व्यापक फेरबदल में कई अहम जिलों के उपायुक्त बदले गए हैं। रांची के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सौरभ कुमार भुवानिया को खूंटी का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं खूंटी के डीडीसी आलोक कुमार को जामताड़ा जिले का डीसी बनाया गया है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है, उनमें राजीव रंजन को जमशेदपुर, सौरभ कुमार भुवानिया को खूंटी, आलोक कुमार को जामताड़ा, संदीप कुमार को लातेहार, अनन्य मित्तल को गढ़वा, दिलेश्वर महतो को गुमला, मेघा भारद्वाज को पाकुड़ और लोकेश मिश्रा को गोड्डा का उपायुक्त बनाया गया है।
इसी क्रम में दिलीप प्रताप सिंह को देवघर, शशि प्रकाश सिंह को कोडरमा, उत्कर्ष गुप्ता को हजारीबाग, हेमंत सती को चाईबासा, मनीष कुमार को रामगढ़, ऋतुराज को चतरा, रवि आनंद को साहिबगंज, दीपक कुमार दुबे को पलामू और संदीप कुमार मीना को लोहरदगा का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









