हजारीबाग में सड़क सुरक्षा पर DC सख्त, नेशनल हाईवे से अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाने का अल्टीमेटम
हजारीबाग में DC हेमंत सती ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में NH से अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाने का अल्टीमेटम दिया। ब्लैक स्पॉट सुधार और 1033 एंबुलेंस सेवा पर भी जोर रहा।

Hazaribagh: हजारीबाग समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को उपायुक्त (DC) हेमंत सती की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिले भर में सड़क सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सड़क हादसों में कमी लाने के उपायों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर किए गए अवैध अतिक्रमण और अनधिकृत पार्किंग स्थलों को तत्काल हटाने के लिए संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ त्वरित नोटिस तामिला कराने का सख्त निर्देश दिया।
ब्लैक स्पॉट्स चिह्नित कर दुरुस्त करने के निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए संबंधित तकनीकी और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के तमाम दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) को तेजी से चिह्नित किया जाए। इसके साथ ही इन चिन्हित स्थलों पर साइनेज बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और अन्य आवश्यक सुधारात्मक कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
नगवां टोल प्लाजा पर एंबुलेंस सेवा सक्रिय, 1033 पर मिलेगी मदद
बैठक के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के प्रतिनिधि ने समिति को अवगत कराया कि नेशनल हाईवे और नगवां टोल प्लाजा के समीप आपातकालीन एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। किसी भी आपात स्थिति या सड़क दुर्घटना की सूचना पर आम नागरिक राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन नंबर 1033 पर संपर्क कर त्वरित एंबुलेंस सेवा प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त एनएचएआई प्रतिनिधि ने स्पष्ट किया कि वैधानिक प्रावधानों के अनुसार नेशनल हाईवे के किनारे कोई भी नया पेट्रोल पंप स्थापित करने से पूर्व एनएचएआई से अनापत्ति एवं पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और आपसी समन्वय पर जोर
सड़क सुरक्षा के मानकों को मजबूत करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने हाईवे किनारे अवैध रूप से संचालित हो रहे ढाबों, अनधिकृत पार्किंग और वाहनों के जमावड़े को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, इसलिए परिवहन, पुलिस, एनएचएआई और नगर निकाय के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम करें और दिए गए निर्देशों पर तय समय में कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
इस बैठक में उपायुक्त हेमंत सती के अलावा उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), एनएचएआई के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची के कई इलाकों में घरों में घुसा पानी, नदियां उफान पर, 203 MM बारिश रिकॉर्ड

रामगढ़ में बढ़ा डैम का जलस्तर, कभी भी खुल सकता है नलकारी डैम का फाटक ; प्रशासन ने जारी की चेतावनी







