Darbhanga: यामाहा एजेंसी मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या का खुलासा, पूर्व कर्मचारी निकला हत्यारा
आरोपी सोनू पासवान को कुछ समय पहले एजेंसी से नौकरी से निकाल दिया गया था. इसी कारण आरोपी के मन में लंबे समय से रंजिश थी. इसके अलावा दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद चल रहा था.

Darbhanga, Bihar: दरभंगा के अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र स्थित एक यामाहा एजेंसी में मैनेजर मोहम्मद फैज़ अहमद की निर्मम हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने एजेंसी के ही पूर्व कर्मचारी सोनू पासवान को गिरफ्तार किया है. हत्या की पूरी वारदात एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थी, जिसका वीडियो सामने आने के बाद मामले ने व्यापक चर्चा बटोरी थी.
मामले का खुलासा करते हुए सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी सोनू पासवान को कुछ समय पहले एजेंसी से नौकरी से निकाल दिया गया था. पुलिस जांच में सामने आया है कि मैनेजर मोहम्मद फैज़ अहमद के कहने पर एजेंसी मालिक ने उसे हटाया था. इसी कारण आरोपी के मन में लंबे समय से रंजिश थी. इसके अलावा दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद चल रहा था.
पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन सोनू पासवान हत्या की योजना बनाकर एजेंसी पहुंचा था. वह करीब एक घंटे तक मौके पर मौजूद रहा और अवसर मिलते ही मोटरसाइकिल के शॉकर से फैज़ अहमद पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी स्कूटी से फरार हो गया.
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू की. देर रात पुलिस ने आरोपी के पास से स्कूटी, हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल का शॉकर तथा एक कैंची बरामद की. इसके बाद उसे उसके घर के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
(दरभंगा से लक्ष्मण कुमार की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

बोकारो के सीबू को भारी पड़ा बकरा चोरी पर आवाज उठाना, आरोपी जंगल की ओर ले गए और बेदम की मारपीट

असम वायुसेना विमान हादसे में बुझ गया घर का इकलौता चिराग, चंद रोज पहले छुट्टी से ड्यूटी पर लौटा था दानिश







