आंगनबाड़ी केंद्र से चल रहा था साइबर ठगी का खेल!, जामताड़ा पुलिस की रेड में 4 गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस ने पिंडारी गांव के एक आंगनबाड़ी केंद्र में छापेमारी कर साइबर ठगी गिरोह का खुलासा किया। कार्रवाई में चार आरोपी गिरफ्तार हुए, जबकि एक फरार है। पुलिस ने 11 मोबाइल फोन, 20 फर्जी सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद कर साइबर नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

Jamtara: साइबर अपराध के लिए बदनाम जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पिंडारी गांव स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 11 मोबाइल फोन, 20 फर्जी सिम कार्ड और एक लैपटॉप भी बरामद किया गया है।
SP को मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को सूचना मिली थी कि पिंडारी गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में कुछ लोग बैठकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर पुलिस उपाधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और मौके पर छापेमारी की गई।
चार गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अरबाज अंसारी, शरीफ अंसारी, इरफान अंसारी और फरीद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, एक अन्य आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
फर्जी सिम और मोबाइल से करते थे साइबर ठगी
शनिवार को मामले की जानकारी देते हुए पुलिस इंस्पेक्टर सह साइबर थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसा देकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इनके पास से बरामद मोबाइल, फर्जी सिम कार्ड और लैपटॉप की जांच की जा रही है, ताकि इनके नेटवर्क और अन्य साथियों का पता लगाया जा सके।
सभी आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी की गिरफ्तारी और पूरे साइबर नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच जारी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









