TRE-4 से बाहर होने पर भड़के CTET अभ्यर्थी, शिक्षा मंत्री आवास का किया घेराव
बिहार में TRE-4 को लेकर CTET अपीयरिंग अभ्यर्थियों का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास का घेराव कर TRE-4 में शामिल होने का अवसर और सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग की।


पटना। बिहार शिक्षक भर्ती के चौथे चरण यानी TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को CTET अपीयरिंग अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास का घेराव किया। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने TRE-4 में उन्हें भी आवेदन और परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने के साथ-साथ शिक्षक भर्ती की सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी हुआ है। ऐसे में यदि CTET अपीयरिंग अभ्यर्थियों को इस भर्ती में शामिल होने का मौका नहीं दिया गया तो उनके लिए अगली शिक्षक भर्ती तक इंतजार करना पड़ सकता है।
TRE-4 में मौका देने की मांग
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि STET अपीयरिंग अभ्यर्थियों को मौका दिया गया है, तो CTET अपीयरिंग अभ्यर्थियों को TRE-4 से बाहर क्यों रखा जा रहा है। उनका कहना है कि वे भी शिक्षक भर्ती में शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं और उन्हें भी समान अवसर मिलना चाहिए। अभ्यर्थियों ने भर्ती में सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि करीब दो साल के लंबे इंतजार के बाद TRE-4 का नोटिफिकेशन आया है। ऐसे में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी इस भर्ती से उम्मीद लगाए बैठे हैं।
‘अभी मौका नहीं मिला तो परीक्षा में कैसे शामिल होंगे?’
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि CTET परीक्षा को लेकर वे तैयारी कर रहे हैं और यदि उन्हें TRE-4 में आवेदन का अवसर नहीं दिया गया तो भविष्य में इस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा बनना मुश्किल हो जाएगा। एक प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी ने कहा कि वे शिक्षा मंत्री को अपना ‘गार्जियन’ मानते हैं और उन्हें उम्मीद है कि मंत्री उनकी समस्याओं को सुनेंगे और उनके पक्ष में उचित निर्णय लेंगे। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि वे शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांग रखने के बाद ही प्रदर्शन समाप्त करना चाहते हैं।
TRE-4 का आवेदन भी हुआ स्थगित
इसी बीच TRE-4 को लेकर एक और महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के विज्ञापन के अनुसार शिक्षक भर्ती के चौथे चरण के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होनी थी, लेकिन आयोग ने इसे फिलहाल स्थगित कर दिया है। BPSC ने आवेदन प्रक्रिया टालने के पीछे प्रक्रियात्मक बदलाव को कारण बताया है। आयोग की ओर से आवेदन की नई तारीख जल्द घोषित किए जाने की बात कही गई है।
TRE-4 के तहत बिहार में 32,388 विद्यालय अध्यापक पदों पर भर्ती की जानी है। आवेदन प्रक्रिया स्थगित होने के कारण अभ्यर्थियों को अब नई तारीख का इंतजार करना होगा।
CTET अपीयरिंग अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस ने शिक्षा मंत्री के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी। आवास के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि स्थिति को नियंत्रित रखा जा सके। वहीं, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि वे शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखने के बाद ही वहां से जाएंगे। अब नजर इस बात पर है कि CTET अपीयरिंग अभ्यर्थियों की मांग पर शिक्षा विभाग और सरकार क्या फैसला लेती है और TRE-4 में पात्रता को लेकर कोई बदलाव किया जाता है या नहीं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

विश्वविद्यालयों की PG पढ़ाई में बड़ा बदलाव, हर सेमेस्टर में 22 क्रेडिट का प्रस्ताव

बगहा में बाढ़ अलर्ट के बीच तटबंध से गायब मिले अभियंता, मंत्री और विधायकों ने लगाई फटकार







