रामगढ़ में 9वीं की छात्रा से दरिंदगी, सहेली के साथ लौट रही नाबालिग से घिनौनी हरकत, हिरासत में 5 युवक
रामगढ़ जिले के उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत उरीमारी रेलवे साइडिंग के पास एक नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

Ranchi: रामगढ़ जिले के उरीमारी ओपी क्षेत्र अंतर्गत उरीमारी रेलवे साइडिंग के पास एक नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है, जब छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रही थी। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को हिरासत में ले लिया है। वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए हजारीबाग भेजा गया है और मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सहेली के घर से लौटते वक्त शॉर्टकट रास्ते में बनी शिकार
घटना के संबंध में बताया गया कि जरजरा स्थित एक हाई स्कूल की 9वीं की छात्रा मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी सहेली के साथ निकली थी। रास्ते में वह अपनी सहेली के घर किसी काम से करीब एक-डेढ़ घंटे रुक गई। वक्त ज्यादा हो जाने और शाम ढलती देख सहेली ने सुरक्षा के लिहाज से अपने छोटे भाई और कुछ स्थानीय बच्चों को छात्रा के साथ लगा दिया, ताकि वे उसे सुरक्षित घर तक छोड़ आएं। भुरकुंडुवा स्थित अपने घर जल्दी पहुंचने की नीयत से छात्रा ने रेलवे साइडिंग की ओर से जाने वाले शॉर्टकट मार्ग को चुना।
साथ चल रहे बच्चों को डांटकर भगाया, फिर दिया वारदात को अंजाम
जैसे ही सभी बच्चे रेलवे साइडिंग पर रेल पटरी की तरफ पहुंचे, वहां पहले से मौजूद पांच युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने छात्रा के साथ चल रहे छोटे बच्चों को डांट-डपटकर और उनके साथ मारपीट कर वहां से भगा दिया। इसके बाद एकांत का फायदा उठाकर एक युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से सभी आरोपी युवक मौके से भाग खड़े हुए।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस का एक्शन, 5 दबोचे गए
इधर, डरे-सहमे बच्चों ने तुरंत घर पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी। इस बीच परिजन भी छात्रा के समय पर घर न पहुंचने पर उसे ढूंढते हुए स्कूल और फिर सहेली के घर तक जा पहुंचे थे। बच्चों से मिली जानकारी के बाद परिजन बदहवास हालत में शॉर्टकट रास्ते की ओर भागे, जहां बाद में पता चला कि छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंच चुकी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर घटना में शामिल पांचों युवकों को हिरासत में ले लिया है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






