लातेहार में BJP का समाहरणालय घेराव, DC दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन
JSSC और JPSC भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की CBI जांच कराने और आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को लातेहार में जोरदार प्रदर्शन किया।

Latehar: JSSC और JPSC भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली की CBI जांच कराने और आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को लातेहार में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पहले समाहरणालय के समक्ष धरना दिया और बाद में डीसी कार्यालय का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने युवाओं के हक, सम्मान और न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ने का ऐलान किया।
थाना चौक से रैली निकाल पहुंचे समाहरणालय, पुलिस से नोकझोंक
धरना-प्रदर्शन से पूर्व बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक थाना चौक पर एकत्रित हुए। वहां से राज्य सरकार विरोधी नारों के साथ रैली निकालते हुए समाहरणालय पहुंचे। समाहरणालय के मुख्य द्वार पर तैनात पुलिस बल ने जब प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोकने का प्रयास किया, तो पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और गहमागहमी की स्थिति बन गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के घेरे को पार कर डीसी कार्यालय के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
CID जांच से सिर्फ छोटी मछलियां पकड़ी जाएंगी, दीपक प्रकाश का हमला
प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झारखंड के प्रतिभाशाली छात्रों के साथ सरकार ने बड़ा छल किया है। नियुक्ति परीक्षाओं में हुए कथित घोटाले के तार सीधे सत्ताधारी दल के प्रभावशाली लोगों से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की सीआईडी जांच से केवल मोहरों और छोटी मछलियों को पकड़ा जाएगा, जबकि बड़े मास्टरमाइंड बच निकलेंगे। घोटाले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए सीबीआई जांच ही एकमात्र रास्ता है।
दूध का दूध और पानी का पानी होना जरूरी
दीपक प्रकाश ने आगे कहा कि सीबीआई जांच से ही पूरे नेटवर्क की असलियत जनता के सामने आएगी। उन्होंने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपने भविष्य के लिए आवाज उठा रहे निर्दोष छात्रों पर दर्ज किए गए तमाम मुकदमों को अविलंब वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता और युवा इस सरकार की नीतियों से त्रस्त हैं और आने वाले समय में सरकार को युवाओं के हर एक सवाल का जवाब देना होगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






