मोतिहारी में अपराधियों ने एक स्कूल को बनाया निशाना ! 20 क्विंटल चावल और लाखों का सामान लेकर हुए चंपत
कदम चौक के समीप स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने हमला बोला और मौके से करीब 20 क्विंटल चावल सहित लाखों रुपये का सामान उठाकर वे वहां से भाग निकले.

Motihari (Bihar): मोतिहारी में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए है. ताजा खबर जिले के कोटवा थाना क्षेत्र की है जहां अपराधियों ने दिनदहाड़े एक स्कूल को अपना निशाना बनाया है. कदम चौक के समीप स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में देर रात हथियारबंद अपराधियों ने हमला बोला और मौके से करीब 20 क्विंटल चावल सहित लाखों रुपये का सामान लूटकर वे भाग निकले. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने स्कूल के रात्रि प्रहरी को बंधक बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया. 
जानकारी के अनुसार, देर रात पिकअप वाहन सवार होकर अपराधी उत्क्रमित मध्य विद्यालय पहुंचे और इस दौरान सबसे पहले अपराधियों ने स्कूल में तैनात रात्रि प्रहरी को बंधक बनाया, मौके पर अपराधियों ने उसके मोबाइल फोन भी छीन लिया और उसके बाद उसे एक कमरे में बंद कर दिया. जिससे वह किसी को भी इस घटना की सूचना न दे पाए.
इसके बाद लूट की वारदात को अंजाम दे रहे अपराधियों ने आराम से स्कूल में रखे मध्याह्न भोजन के लिए संग्रहित करीब 20 क्विंटल चावल को पिकअप वाहन में लोड किया. और स्कूल के रसोईघर में रखे गैस सिलेंडर, बर्तन और अन्य आवश्यक सामग्री भी अपने साथ लेकर वहां से भाग निकलें. रात्रि प्रहरी के अनुसार, इस वारदात को अंजाम देने में अपराधियों को काफी समय लगा.
वहीं, स्थानीय लोगों को इस पूरी घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद लोगों में आक्रोश का माहौल है. इस बड़ी वारदात से स्कूल प्रशासन भी स्तब्ध है. वहीं इसकी खबर मिलते ही मौके पर कोटवा थाना पुलिस पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
पुलिस ने रात्रि प्रहरी का बयान भी दर्ज कर लिया है साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम कर रही है. वहीं मामले में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इलाके में घटी इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट- प्रतिक सिंह
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

ED के अधिकारियों पर प्राथमिकी दर्ज मामला: CM हेमंत पर हाईकोर्ट ने लगाया 1000 रुपए का जुर्माना

चक्रधरपुर में हमलावरों ने की युवक की गला काटकर हत्या की कोशिश, गंभीर स्थिति में Ranchi रेफर







