‘मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होगी...’ सनकी आशिक ने नवविवाहिता की गला घोंटकर की हत्या
मोतिहारी में एक सनकी आशिक ने नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी है. युवक विवाहिता से एकतरफा प्यार करता था उसने धमकी दी थी कि 'अगर तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा.'

Motihari / Bihar (Report By- Pratik Singh): मोतिहारी में एकतरफा प्यार में पागल सनकी आशिक ने नवविवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी. घटना बीजधारी थाना क्षेत्र के बथना पांडेय टोला गांव की है, जहां 20 वर्षीय सपना कुमारी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान गांव निवासी मदन मुखिया की पुत्री के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि गांव का ही जगदीश कुमार सपना से एकतरफा प्यार करता था. हालांकि सपना हमेशा उसके प्रस्ताव को ठुकराती रही. इसी बीच सपना की शादी तय हो गई, जिसके बाद आरोपी ने धमकी दी थी कि “अगर तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा.” यहां तक कि उसने जयमाल स्टेज पर गोली मारने की भी बात कही थी.
परिजनों के अनुसार 28 अप्रैल को सपना की शादी धूमधाम से हुई थी. शादी के बाद वह पहली बार तीन दिन पहले मायके आई थी. रविवार सुबह वह अपनी भाभी और दो ननदों के साथ खेत की ओर शौच के लिए गई थी. इसी दौरान आरोपी जगदीश वहां पहुंच गया और गमछे से सपना का गला दबाने लगा. साथ गई महिलाओं ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तब तक गला दबाता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
मृतका की भाभी मुन्नी देवी ने बताया कि जगदीश काफी दिनों से सपना को परेशान करता था और शादी का दबाव बना रहा था. सपना द्वारा लगातार इंकार किए जाने के बाद वह धमकी देता था.
इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही बीजधारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने आरोपी की मां बबीता देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं बीजधारी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि एफएसएल टीम से जांच कराई गई है. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जामताड़ा में शरारती तत्वों में तोड़ी मां पार्वती की प्रतिमा, जांच में जुटी पुलिस

प्रार्थना सभा में अचानक बेहोश हुईं 14 छात्राएं, आनन-फानन शिक्षकों और कर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल







