नालंदा के नगरनौसा में डिग्री कॉलेज पर विवाद गहराया, छात्रों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
कॉलेज को नगरनौसा मुख्यालय से हटाकर लोदीपुर में संचालित किए जाने के विरोध में आक्रोशित युवाओं और स्थानीय लोगों ने नगरनौसा बस स्टैंड के समीप एनएच-431, यानी चंडी-दनियावां मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया.

Nalanda, Bihar: नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड में बहुप्रतीक्षित डिग्री कॉलेज की स्थापना के बाद अब उसके स्थान चयन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. शनिवार को कॉलेज को नगरनौसा मुख्यालय से हटाकर लोदीपुर में संचालित किए जाने के विरोध में आक्रोशित युवाओं और स्थानीय लोगों ने नगरनौसा बस स्टैंड के समीप एनएच-431, यानी चंडी-दनियावां मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया.
सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज को नगरनौसा मुख्यालय में संचालित करने की मांग को लेकर नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
धरना-प्रदर्शन में शामिल भारत की छात्र फेडरेशन (एसएफआई) की राज्य अध्यक्ष कांति कुमारी ने कहा कि वर्षों के संघर्ष और 2024 से चल रहे आंदोलन के बाद नगरनौसा में डिग्री कॉलेज की स्थापना संभव हो सकी है. लेकिन कुछ लोगों के दबाव में कॉलेज को मुख्यालय में स्थापित करने के बजाय कैला पंचायत के लोदीपुर गांव स्थित उच्च विद्यालय परिसर में शुरू कर दिया गया है.
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि कॉलेज का संचालन तत्काल नगरनौसा बाजार स्थित बालिका उच्च विद्यालय से शुरू किया जाए तथा प्रखंड मुख्यालय के आसपास उपलब्ध सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाकर वहां स्थायी भवन का निर्माण कराया जाए.
इधर इस मुद्दे पर स्थानीय लोग दो खेमों में बंट गए हैं. एक पक्ष नगरनौसा मुख्यालय में कॉलेज संचालन की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष लोदीपुर के समर्थन में खड़ा है. लोदीपुर समर्थकों का कहना है कि वहां स्थित मगध विद्यापीठ उच्च विद्यालय परिसर में 4 एकड़ 63 डिसमिल भूमि उपलब्ध है तथा कॉलेज संचालन के लिए लगभग 20 कमरे मौजूद हैं, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सकता है.
गौरतलब है कि बीते 11 मई को पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के अंतर्गत कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आर्ट्स एंड साइंस, पटना के राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रो. संजय कुमार ने नगरनौसा डिग्री महाविद्यालय के प्रथम प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण किया था. इसके बाद लोदीपुर स्थित विद्यालय परिसर से कॉलेज का संचालन शुरू किया गया.
इस फैसले के विरोध में 20 मई को पहली बार सड़क जाम किया गया था. इसके बाद 21 मई से प्रखंड कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना भी शुरू हुआ. वहीं अब दूसरी बार हुए सड़क जाम ने इस विवाद को और अधिक गंभीर बना दिया है.
मामले की सूचना मिलते ही नगरनौसा थानाध्यक्ष शशी कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. थानाध्यक्ष ने बताया कि कॉलेज के स्थान को लेकर छात्रों के एक गुट द्वारा सड़क जाम किया गया है. पुलिस मौके पर कैंप कर रही है तथा वरीय अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है. प्रशासन दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कर समाधान निकालने और यातायात बहाल करने में जुटा हुआ है.
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

SBI बैंक में चोरी की बड़ी कोशिश नाकाम, खिड़की काटकर घुसे चोर; गश्ती दल और चौकीदार निलंबित

42 साल बाद अपने कॉलेज लौटे पथ निर्माण मंत्री शैलेन्द्र, पुराने हॉस्टल रूम को किया प्रणाम







