JSSC परीक्षा पर फिर मंडराए संकट के बादल, तमाड़ में 160 संदिग्ध हिरासत में
झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा से ठीक पहले तमाड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रड़गांव से करीब 160 संदिग्ध परीक्षार्थियों को हिरासत में लिया है. संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर हुई इस छापेमारी के बाद परीक्षा की शुचिता पर सवाल खड़े हो गए हैं. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की सघन जांच कर रही है.

Jharkhand (Ranchi): झारखंड में उत्पाद सिपाही परीक्षा के आयोजन पर एक बार फिर अनिश्चितता के बादल मंडराने लगे हैं. शनिवार देर रात तमाड़ थाना पुलिस ने रड़गांव क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर करीब 160 लोगों को हिरासत में लिया है. इन सभी को फिलहाल तमाड़ थाना में रखा गया है, जहां पुलिस के वरीय अधिकारी उनसे कड़ी पूछताछ कर रहे हैं. बताते चलें कि JSSC द्वारा यह परीक्षा पूरे दो साल के बाद ली गई है. परीक्षा पेपर लीक, धांधली और अनियमितताओं के कारण दो साल से लंबित थी.
छापेमारी और संदिग्ध गतिविधियां
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरासत में लिए गए सभी व्यक्ति उत्पाद विभाग की सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए आए थे. पुलिस को सूचना मिली थी कि रड़गांव में बड़ी संख्या में लोग संदिग्ध परिस्थितियों में जुटे हुए हैं. किसी बड़ी गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की आशंका को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और एक साथ इतने लोगों को हिरासत में ले लिया.
जांच के घेरे में परीक्षा की शुचिता
इस बड़ी कार्रवाई के बाद परीक्षार्थियों और अभिभावकों के बीच हड़कंप मच गया है. पुलिस अभी इस मामले पर कुछ भी स्पष्ट कहने से बच रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह मामला परीक्षा में पेपर लीक, फर्जीवाड़ा या किसी अन्य संगठित अपराध से जुड़ा है या नहीं. फिलहाल, इस घटना ने परीक्षा के सफल आयोजन पर एक बार फिर प्रश्नचिह्न लगा दिया है.
रिपोर्ट: तनय खंडेलवाल
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कड़ी सुरक्षा के बीच आज हो रही है JSSC की उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा

Ranchi में फर्जी सेना अधिकारी गिरफ्तार: भर्ती के नाम पर कर चुका है 70 लाख ठगी







