नवहट्टा में 4 दिन से सफाई ठप! कर्मियों ने नगर प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा, अब DM से होगी ‘आर-पार’ की बात
सहरसा के नवहट्टा नगर पंचायत में सफाई कर्मियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। कर्मियों ने नगर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए DM से मुलाकात की घोषणा की है। प्रशासन और कर्मियों के दावों में अंतर सामने आया है।


सहरसा: नवहट्टा नगर पंचायत में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कर्मियों की हड़ताल शनिवार को चौथे दिन भी जारी रही। हड़ताल के दौरान सफाई कर्मियों ने बैनर और तख्तियां लेकर नगर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। लगातार हड़ताल के कारण नगर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है।
4 दिन से हड़ताल, प्रशासन पर अनदेखी का आरोप
अखिल भारतीय सफाई मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुशार कुमार गब्बर ने नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि चार दिनों से सफाई कर्मी हड़ताल पर हैं, लेकिन नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से उनकी मांगों को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को नवहट्टा, बनगांव और सौर बाजार नगर पंचायत के साथ-साथ सहरसा नगर निगम के सफाई कर्मी जिलाधिकारी से मुलाकात करेंगे। इस दौरान अपनी समस्याओं और मांगों से अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। समाधान नहीं निकलने पर आंदोलन को और व्यापक करने की चेतावनी दी गई है।
संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की मांग
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सफाई कार्य से जुड़े संवेदक लड्डू सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने संवेदक को काली सूची में डालने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनके आने के बाद से सफाई कर्मियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया जा रहा है।
वहीं, नगर पंचायत के सफाई जिम्मेदार ने इन आरोपों को अलग तरीके से पेश किया। उनका कहना है कि कुछ सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जबकि कई कर्मियों की समस्याओं का समाधान किया जा चुका है।
उन्होंने दावा किया कि कई सफाई कर्मी नियमित रूप से काम कर रहे हैं और उन्हें समय पर वेतन भी दिया जा रहा है। सफाई जिम्मेदार ने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी लोगों को बुलाकर धरना-प्रदर्शन कराया जा रहा है और सफाई कर्मियों को बरगलाने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार, इस संबंध में जीपीएस कैमरे से ली गई तस्वीरें भी उपलब्ध हैं।
अब DM के दरबार में पहुंचेगा मामला
फिलहाल सफाई कर्मियों और नगर प्रशासन के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है और हड़ताल चौथे दिन भी खत्म नहीं हुई। मंगलवार को जिलाधिकारी से होने वाली प्रस्तावित मुलाकात के बाद यह देखना अहम होगा कि दोनों पक्षों के बीच समाधान निकलता है या आंदोलन और तेज होता है।
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

CISF का बड़ा सेफ्टी मिशन! 100 बच्चों को LIVE डेमो से समझाया कैसे बुझाएं आग

बिहार में देर रात ‘तबादला एक्सप्रेस’! 83 अफसर इधर से उधर, शेखपुरा-मोतिहारी समेत कई जिलों में बड़ा फेरबदल







