हिमांशु मर्डर केस में मुख्यमंत्री का बड़ा एक्शन, पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां के एसपी हटाए गए
पुलिस की मौजूदगी में हुए हमले और बढ़ते जनाक्रोश के बाद मुख्यमंत्री ने कोल्हान क्षेत्र में प्रशासनिक फेरबदल किया..

RANCHI:- झारखंड की औद्योगिक राजधानी जमशेदपुर में हुए चर्चित हिमांशु हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां के एसपी को तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है। सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और अपराध नियंत्रण में लापरवाही को इस कार्रवाई की मुख्य वजह बताया है।
मुख्यमंत्री ने दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही चाईबासा कमिश्नर और रांची एडीजी को कोल्हान क्षेत्र में कैंप कर प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करने को कहा गया है, जबकि डीआईजी को जमशेदपुर में तैनात रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, शनिवार की रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार में दो युवकों और दूसरे समूह के बीच विवाद हो गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
बताया जाता है कि बार से बाहर निकलने के बाद हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्युष सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया गया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सोमवार को हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके साथी का इलाज जारी है।
घटना को लेकर सबसे गंभीर आरोप यह है कि हमला पुलिस की मौजूदगी में हुआ। परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हमलावरों ने कथित तौर पर पुलिस वाहन से दोनों युवकों को बाहर खींचकर उन पर हमला किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें बचाने में नाकाम रहे। इस आरोप के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
विरोध-प्रदर्शन और पुलिस पर कार्रवाई
हिमांशु सिंह की मौत की खबर फैलते ही जमशेदपुर में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने बिष्टुपुर गोलचक्कर को जाम कर प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
मामले में बिष्टुपुर थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। वहीं पुलिस ने बार संचालक समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
*सरकार का साफ संदेश*
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साफ कहा है कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हिमांशु हत्याकांड के बाद हुई यह कार्रवाई राज्य सरकार की अपराध और प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ सख्त नीति का संकेत मानी जा रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सदर अस्पताल रांची में जटिल ऑपरेशन सफल, डेढ़ किलो की बढ़ी हुई तिल्ली निकाली गई, आयुष्मान योजना के तहत मिला निःशुल्क उपचार

Oak Elegance विवाद: निवासियों और बिल्डर के बीच मेंटेनेंस व सुविधाओं को लेकर आरोप-प्रत्यारोप तेज







