रांची में चतरा विधायक के बेटे का अपहरण, पुलिस अफसर के बेटे पर भी लगा मारपीट का आरोप
राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी (Amity University) के बाहर सोमवार शाम करीब 4:45 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चतरा से विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया।
Ranchi: राजधानी रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी (Amity University) के बाहर सोमवार शाम करीब 4:45 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब चतरा से विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ का फिल्मी अंदाज में अपहरण कर लिया गया। काले रंग की स्कॉर्पियो से आए दबंग युवकों ने पहले यूनिवर्सिटी के बाहर खड़ी सौरभ की थार गाड़ी पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला बोला। इसके बाद थार में बैठे सौरभ को जबरन घसीटकर बाहर निकाला, उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे स्कॉर्पियो में लादकर अपने साथ ले गए।
पुलिस महकमे में हड़कंप, शहर भर में हुई नाकेबंदी
विधायक पुत्र के अपहरण की खबर फैलते ही पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। मामले की संवेदनशीलता और हाईप्रोफाइल बैकग्राउंड को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन ने तुरंत स्पेशल पुलिस टीम को जांच में लगाया और टेक्निकल सेल को एक्टिव कर दिया। पूरे शहर में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस की इस मुस्तैदी का ही असर रहा कि खुद को घिरता देख आरोपी युवक पुलिस की गाड़ी देखते ही सौरभ को अरगोड़ा चौक के पास सड़क पर फेंककर मौके से फरार हो गए।
स्कॉर्पियो में भी बेल्ट और घूंसे से पीटा, आंख और सिर में गंभीर चोटें
स्कॉर्पियो में ले जाने के दौरान भी आरोपियों ने सौरभ के साथ लगातार मारपीट की। मेडिकल जांच में सौरभ के शरीर पर डंडे, मुक्के और बेल्ट से मारने के गहरे निशान मिले हैं। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी आंख के पास, जबड़े और सिर में गंभीर चोट के लक्षण पाए गए हैं। घटना के बाद पहुंचे विधायक जनार्दन पासवान ने बताया कि उनके बेटे की हालत नाजुक है। डॉक्टरों की वरिष्ठ टीम सौरभ की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
कैंपस में हुआ था झगड़ा, पुलिस अफसर के बेटे का भी नाम आया सामने
सिटी एसपी के मुताबिक, यह किसी पेशेवर किडनैपिंग गैंग का काम नहीं है, बल्कि यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच आपस का पुराना विवाद है। दरअसल, सौरभ एमिटी यूनिवर्सिटी से एलएलबी (LLB) की पढ़ाई कर रहा है और सोमवार को खाने-पीने के दौरान कैंपस में ही उसका कुछ छात्रों से झगड़ा हुआ था। मामले में आयुष, राजा, प्रीतम सिंह और शौर्य नाम के युवकों की भूमिका सामने आ रही है। सौरभ का आरोप है कि आरोपियों में से एक युवक किसी पुलिस अधिकारी का बेटा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






