ज्ञान बिंदू संचालक के भाई की संदिग्ध मौत से कोहराम, खान सर की कोचिंग में हमले का था आरोपी
नेपाल के विराटनगर होटल में प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत से सहरसा के धमसेना गांव में मातम, परिवार ने की निष्पक्ष जांच की मांग

Saharsa, Bihar: नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में हुई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत की खबर से सहरसा जिले के उनके पैतृक गांव धमसेना वार्ड संख्या-02 में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. प्रिंस यादव, पटना के चर्चित कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी के संस्थापक रौशन आनंद के छोटे भाई थे. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
29 जून को थी बहन की शादी
प्रिंस यादव की मां अनु देवी और पिता विद्यानंद यादव गहरे सदमे में हैं. परिवार में पहले जहां शादी की खुशियों का माहौल था, वहीं इस दुखद घटना ने पूरे घर को गम में डुबो दिया है. रौशन आनंद की चचेरी बहन की 29 जून को प्रस्तावित शादी भी इस घटना के बाद टाल दी गई है.
मौत का कारण अस्पष्ट
प्रिंस यादव के चाचा मनोज सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें प्रिंस की मौत की जानकारी मिली. बाद में मौत की पुष्टि हुई, लेकिन उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक नहीं मिल सकी है. उन्होंने बताया कि नेपाल के विराटनगर स्थित शंभू होटल से प्रिंस की संदिग्ध मौत की सूचना मिली है.
मामले की निष्पक्ष जांच की मांग
परिजनों के अनुसार प्रिंस पूरी तरह स्वस्थ थे, ऐसे में उनकी अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. परिवार ने नेपाल प्रशासन से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है.
प्रिंस यादव के चचेरे चाचा संतोष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य और गांव के कई लोग नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं. वहीं नेपाल पुलिस होटल में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
फिलहाल प्रिंस यादव की मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठने की उम्मीद है.
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

विश्व रक्तदाता दिवस पर रेडक्रॉस में रक्तवीरों का सम्मान, IMA प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आशुतोष शरण ने बढ़ाया हौसला

मोतिहारी नगर निगम में टेंडर का खेल! पांच गुना कम दर पर आवंटन से राजस्व नुकसान के आरोप







