कोडरमा में धराया रिश्वतखोर दारोगा, 15 हजार रिश्वत लेते ACB ने किया रंगेहाथ गिरफ्तार
कोडरमा के एक रिश्वतखोर दारोगा को एसीबी द्वारा रिश्वत के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया. दारोगा की सफाई है कि अवैध शराब मामले को सुलझाने के नाम पर रुपयों की जरूरत पड़ती है.

Jharkhand (Koderma): ACB द्वारा कोडरमा में भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है. एसीबी की टीम ने गुरुवार को कोडरमा के चंदवारा थाना के दारोगा पवन कुमार राम को उस समय रंगेहाथ दबोचा जब वे 15 हजार रिश्वत ले रहे थे. हजारीबाग से आई एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई पहले से तय योजना के तहत की. दारोगा को पीड़ित पक्ष से रिश्वत लेते समय ही पकड़ लिया गया, जिससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया.
अवैध शराब मामले को सुलझाने के नाम पर रिश्वत
जानकारी के अनुसार, चंदवारा थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले अवैध शराब को लेकर छापेमारी की गई थी. इस मामले को मैनेज करने और आरोपी पक्ष को राहत देने के नाम पर पुलिस की ओर से एक लाख रुपये की मांग की गई थी. पीड़ित पक्ष इस मांग से परेशान था और किसी तरह इस मामले का समाधान चाहता था.
JLKM नेता बने शिकायत ACB को पहुंचाने का माध्यम
बताया जाता है कि इस मामले की जानकारी पीड़ित पक्ष ने जेकेएलएम के नेता प्रेम नायक को दी. इसके बाद प्रेम नायक ने पूरे मामले की शिकायत हजारीबाग स्थित एसीबी कार्यालय में की. शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच की और रिश्वतखोरी की पुष्टि होने पर जाल बिछाने की योजना बनाई.
रिश्वत लेते वक्त ही दबोच लिया गया
एसीबी की टीम के निर्देश के अनुसार गुरुवार को दारोगा को 15 हजार रुपये रिश्वत देने की व्यवस्था की गई. जैसे ही दारोगा पवन कुमार राम ने पीड़ित से पैसे लिए, पहले से मौके पर मौजूद एसीबी की टीम ने उसे तुरंत पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि दारोगा थाना परिसर में बने अपने सरकारी क्वार्टर में ही रिश्वत ले रहा था.
रंगेहाथ गिरफ्तार, फिर ले गई हजारीबाग
रंगेहाथ गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम दारोगा पवन कुमार राम को अपने साथ हजारीबाग ले गई. वहां उससे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस कार्रवाई के बाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Ranchi में 75 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ पुलिस ने दो युवक को दबोचा

चतरा में होमगार्ड बहाली पर बवाल: पत्थलगड्डा के अभ्यर्थियों ने समाहरणालय में किया हंगामा






