बाढ़ में बह गईं किताबें, उपायुक्त ने फिर थामा कृतिका की पढ़ाई का हाथ 📚
जन समाधान कार्यक्रम में छात्रा ने रखी थी पढ़ाई जारी रखने की गुहार, उपायुक्त ने तत्काल लिया संज्ञान

Medaninagar Palamu । हाल में हुई भारी बारिश और कोयल नदी के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी के कारण कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसी दौरान कक्षा 5 में पढ़ने वाली छात्रा कृतिका कुमारी के घर में भी बाढ़ का पानी घुस गया। पानी के तेज बहाव में उसकी कॉपी-किताबें और पढ़ाई से जुड़ी अन्य आवश्यक सामग्री बह गई, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बन गई थी।
अपनी पढ़ाई को लेकर चिंतित कृतिका ने जन समाधान कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी समस्या उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के समक्ष रखी। मासूम छात्रा ने उपायुक्त से अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए किताबें एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। कृतिका की समस्या सुनते ही उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लिया और उसकी पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में बच्चे की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए और जरूरतमंद विद्यार्थियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
निर्देश के बाद छात्रा के लिए आवश्यक किताबों की व्यवस्था की गई। गुरुवार को उपायुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में कृतिका को स्वयं किताबें उपलब्ध कराईं। किताबें पाकर कृतिका के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। बाढ़ के कारण जिन किताबों के बह जाने से उसकी पढ़ाई को लेकर चिंता बढ़ गई थी, वही पढ़ाई अब दोबारा रफ्तार पकड़ सकेगी। कृतिका का सपना आगे चलकर जवाहर नवोदय विद्यालय में दाखिला लेकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करना है। वह पढ़-लिखकर अपने भविष्य को बेहतर बनाना चाहती है। किताबें मिलने के बाद उसके इस सपने को आगे बढ़ाने के लिए एक बार फिर उम्मीद जगी है। इस दौरान उपायुक्त ने छात्रा को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आर्थिक अथवा प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों के कारण किसी जरूरतमंद बच्चे की शिक्षा प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। कृतिका के लिए यह सिर्फ किताबें मिलने का अवसर नहीं, बल्कि उसकी पढ़ाई और सपनों को फिर से सहारा मिलने का क्षण रहा। बाढ़ में उसकी किताबें भले ही बह गईं, लेकिन उपायुक्त की पहल ने उसकी पढ़ाई का रास्ता दोबारा खोल दिया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.






