टाटा स्टील कर्मियों के लिए 315 करोड़ रुपये के बोनस का ऐलान
जमशेदपुर में टाटा स्टील के कर्मचारियों के सालाना बोनस को लेकर बना सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है।


Jamshedpur: जमशेदपुर में टाटा स्टील के कर्मचारियों के सालाना बोनस को लेकर बना सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। गुरुवार को कंपनी प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के बीच वित्तीय वर्ष 2025-26 के बोनस समझौते पर आधिकारिक मुहर लग गई। कंपनी के एमडी सह सीईओ टीवी नरेंद्रन और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु समेत कई बड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी में इस समझौते पर दस्तखत किए गए। इस बार कर्मचारियों के बीच कुल 315 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि बोनस के तौर पर बांटी जाएगी।
पिछले साल के मुकाबले 11.88 करोड़ रुपये अधिक
यह बोनस पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के मुकाबले 11.88 करोड़ रुपये ज्यादा है, जब कर्मचारियों को 303.12 करोड़ रुपये मिले थे। तय फॉर्मूले के हिसाब से इस बार कुल बोनस 314.53 करोड़ रुपये बन रहा था, जिसे प्रबंधन ने थोड़ा और बढ़ाकर पूरा 315 करोड़ रुपये कर दिया। इस फैसले का सीधा फायदा देश भर में कंपनी की अलग-अलग यूनिट्स में काम करने वाले कुल 25,603 कर्मचारियों को मिलने जा रहा है।
जमशेदपुर के कर्मचारियों को मिलेगा औसतन ₹1.48 लाख
समझौते के मुताबिक, सिर्फ जमशेदपुर की इकाइयों (ट्यूब्स डिवीजन समेत) के 11,021 कर्मचारियों के हिस्से में कुल 163.85 करोड़ रुपये आएंगे। यहां के कर्मचारियों को औसतन 1,48,675 रुपये का बोनस मिलेगा। अगर ग्रेड के हिसाब से देखें, तो पुराने वेतनमान वाले कर्मचारियों को उनकी हाजिरी के आधार पर अधिकतम 4,52,512 रुपये तक बोनस के रूप में मिलेंगे। वहीं एनएस (NS) ग्रेड के कर्मचारियों के लिए अधिकतम बोनस राशि 1,28,448 रुपये और 100% हाजिरी रहने पर न्यूनतम राशि 39,016 रुपये तय की गई है।
मुनाफे और शानदार उत्पादन के दम पर तय हुआ बोनस
कर्मचारियों को मिलने वाली यह राशि कंपनी के शुद्ध लाभ, सुरक्षा, उत्पादन और उत्पादकता जैसे अहम पैमानों को ध्यान में रखकर तय की गई है। भारत में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान टाटा स्टील का शुद्ध लाभ 11,035.24 करोड़ रुपये रहा, जबकि 1.611 करोड़ टन सेलेबल स्टील का उत्पादन दर्ज किया गया। प्रति कर्मचारी सालाना उत्पादकता भी 674.2 टन कच्चे इस्पात की रही।
खदानों और अन्य प्लांटों के कर्मचारियों में भी खुशी की लहर
इस समझौते का लाभ सिर्फ जमशेदपुर के मुख्य प्लांट तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि टिनप्लेट, तार कंपनी, कलिंगानगर, टिस्को ग्रोथ शॉप और सभी कोलियरियों व खदानों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी मिलेगा। त्योहारों के मौसम से ठीक पहले बोनस की इस बड़ी घोषणा से कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

सरायकेला पुलिस को मिले 19 नए बोलेरो पेट्रोलिंग वाहन

छूटे हुए वोटरों के नाम जोड़ने में लाएं तेजी, चुनाव आयोग का सख्त निर्देश, 2 दिन के भीतर राजनीतिक दलों संग करें बैठक







