Jharkhand (Bokaro): झारखंड में इन दिनों कई जिलों में मौसम हर दिन दोपहर के बाद बारिश वाला हो ही जाता है. जिस वक्त बारिश के साथ तेज आंधियों का भी साथ होता है. इस कारण कई दुर्घटनाओं की खबर भी सामने आ रही हैं.
बोकारो के भर्रा जाने के रास्ते में एक बाइक सवार तेज आंधी का शिकार हो गया. गरगा नदी पर बने पुल के पास पहुंच कर उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और पुल के नीचे जा गिरी. किसी तरह बाइक सवार ने खुद को गिरने से बचा लिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई.
स्थानीय लोगों ने पुल से नीचे गिरी बाइक को रस्से आदि का इंतजाम कर ऊपर खींचने में बाइक सवार की काफी मदद की. बहुत देर की मशक्कत के बाद आखिरकार बाइक को भी ऊपर खींच लिया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुल की दोनों ओर रेलिंग लगी हुई नहीं है, जिस कारण ये हादसा हुआ. भले एक बड़ा हादसा टल गया हो, लेकिन प्रशासन की अनदेखी पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि रोज इस पुल से हजारों लोग गुजरते हैं, फिर भी इसकी मरम्मत नहीं कराया जाना नगर निगम औ र जिला प्रशासन पर गैर-जिम्मेदार होने का ठप्पा लगाने जैसा है.
रिपोर्ट: संजीव कुमार सिंह








