बोकारो पुलिस हुई हाईटेक! अपराधियों की अब खैर नहीं, थानों को मिले 78 नए बोलेरो वाहन
बोकारो पुलिस को पुलिस मुख्यालय से 78 नए बोलेरो वाहन मिले हैं। पहले चरण में 39 वाहनों को विभिन्न थानों के लिए रवाना किया गया। डायल-112 सेवा से लैस इन वाहनों से गश्ती व्यवस्था मजबूत होगी, आपातकालीन प्रतिक्रिया तेज होगी और ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की पहुंच बढ़ेगी।

Bokaro: अपराध पर लगाम कसने और पुलिसिंग को और तेज बनाने के लिए बोकारो पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जिले के सभी थानों के लिए 78 नए बोलेरो वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। पहले चरण में 39 नए वाहनों को बोकारो पुलिस लाइन से पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर संबंधित थानों के लिए रवाना किया गया।
इस मौके पर उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेंद्र सिन्हा, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अब और तेज होगी पुलिस की कार्रवाई
आईजी शैलेंद्र सिन्हा ने कहा कि नए वाहनों के मिलने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी। किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कम समय में मौके पर पहुंचेगी, जिससे अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना आसान होगा और आम लोगों का पुलिस पर भरोसा भी बढ़ेगा।
'अपराधी कहीं भी छिपे हों, बच नहीं पाएंगे'
बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि इन नए वाहनों का मुख्य उद्देश्य अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि अब पुलिस की पहुंच और अधिक तेज होगी, इसलिए अपराधी कहीं भी छिपे हों, कानून की पकड़ से बच नहीं सकेंगे।
डायल-112 सेवा को मिलेगा बड़ा सहारा
बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना ने बताया कि जिले को कुल 78 नए बोलेरो वाहन मिले हैं। पहले चरण में 39 वाहनों को विभिन्न थानों के लिए रवाना किया गया है, जबकि बाकी वाहन भी जल्द उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी नए वाहनों पर डायल-112 अंकित है, ताकि ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों के लोग भी आपात स्थिति में इस सेवा का आसानी से उपयोग कर सकें। इससे ऐसे लोगों को भी त्वरित पुलिस सहायता मिलेगी, जो किसी कारणवश सीधे थाना नहीं पहुंच पाते हैं।
ग्रामीण इलाकों में भी बढ़ेगी पुलिस की पहुंच
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि नए वाहनों के शामिल होने से जिले के दूर-दराज के इलाकों में भी पुलिस की पहुंच मजबूत होगी। इससे गश्ती व्यवस्था में सुधार आएगा, आपातकालीन प्रतिक्रिया का समय घटेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को बड़ी मदद मिलेगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









