48 घंटे में सहरसा पुलिस की बड़ी सफलता: हॉस्टल से लापता तीन छात्र खगड़िया से सकुशल बरामद
पढ़ाई में मन नहीं लगने के कारण घर से निकले थे बच्चे, जांच में विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Saharsa, Bihar: सहरसा जिले के काशनगर बाजार स्थित कैरियर मेकर आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से 4 जून की सुबह लापता हुए तीसरी कक्षा के तीनों छात्रों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. बच्चों के गायब होने से परिजनों में मची चिंता अब राहत में बदल गई है. पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर तीनों बच्चों को खगड़िया जिले के मानसी थाना क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया.
रविवार को सिमरी बख्तियारपुर के एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बख्तियारपुर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आठ अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया था. टीमों की त्वरित कार्रवाई और लगातार छापेमारी के परिणामस्वरूप तीनों बच्चों को सुरक्षित खोज निकाला गया.
पुलिस पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उनका हॉस्टल में पढ़ाई करने में मन नहीं लग रहा था, जिसके कारण वे बिना किसी को बताए वहां से निकल गए थे.
गौरतलब है कि लापता छात्रों में फतेहपुर निवासी आदित्य कुमार, मंगनमा निवासी शिवम कुमार तथा मंगवार गांव निवासी नीरज कुमार शामिल हैं. तीनों बच्चों को मुख्य बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक साथ जाते हुए देखा गया था, जिसके बाद परिजनों और विद्यालय प्रबंधन द्वारा काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. बाद में काशनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
इस मामले की जांच के दौरान विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई. सर्किल इंस्पेक्टर राजीव कुमार झा द्वारा की गई जांच में पाया गया कि आवासीय विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का अभाव था. इसको लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं.
फिलहाल पुलिस बच्चों को उनके परिजनों को सौंपने की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है. बच्चों की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया है.
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू के पत्थलचटी गांव में वर्षों बाद पहुंची पेयजल की सुविधा, उपायुक्त की त्वरित पहल से ग्रामीणों में खुशी

मुख्यमंत्री को सांसद सुधाकर सिंह का खुला पत्र, पिपराकोठी वाटर पार्क और एफआईआर पर उठाए सवाल







