कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल का हुआ बड़ा खुलासा
रांची पिस्का मोड़ स्थित फ्यूचरिस्टिक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर से पुलिस ने 6 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है.

Ranchi/Jharkhand: रांची में एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में हाईटेक नकल का बड़ा खुलासा हुआ है। पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ स्थित फ्यूचरिस्टिक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर से पुलिस ने 6 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये सभी रिमोट कंट्रोल के जरिए बाहर बैठे सॉल्वर गैंग से परीक्षा दिलवा रहे थे। मामले में सेंटर सुपरिटेंडेंट की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है, जो पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया। एसएससी जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के पहले शिफ्ट में पहुंचे अभ्यर्थी कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठे थे, लेकिन असल में सवालों का जवाब बाहर बैठा सॉल्वर गैंग दे रहा था। इन्वीजिलेटर को उस वक्त शक हुआ जब अभ्यर्थी सिर्फ स्क्रीन देख रहे थे और सिस्टम पर प्रश्न खुद-ब-खुद सॉल्व होते दिखे। इसके बाद गोपनीय तरीके से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सेंटर के 6 कंप्यूटर को रिमोट एक्सेस के जरिए बाहर से ऑपरेट किया जा रहा था। गिरफ्तार अभ्यर्थियों में ऋषिकेश, राहुल, आर्यन कुमार, रवि रंजन, राजकुमार और अनु कुमारी शामिल हैं। सभी बिहार और झारखंड के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने कंप्यूटर सिस्टम भी जब्त कर लिया है। पूछताछ में अभ्यर्थियों ने स्वीकार किया कि परीक्षा पास कराने के लिए बिहार के सॉल्वर गैंग से 10 लाख रुपए में डील हुई थी। एक लाख रुपए एडवांस दिए गए थे, जबकि बाकी रकम रिजल्ट आने के बाद देने की बात तय थी। गैंग ने अभ्यर्थियों के ओरिजिनल डॉक्यूमेंट भी अपने पास रख लिए थे ताकि पैसे नहीं मिलने पर दबाव बनाया जा सके।
जांच में सेंटर के सुपरिटेंडेंट राकेश कुमार की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार सॉल्वर गैंग अभ्यर्थियों के कपड़ों के रंग के जरिए उनकी पहचान करवा रहा था। आरोप है कि सुपरिटेंडेंट इन्वीजिलेटर को दूसरी बातों में उलझाकर संदिग्ध अभ्यर्थियों तक पहुंचने से रोकने की कोशिश कर रहा था। पुलिस की भनक लगते ही वह सेंटर से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और फरार सॉल्वर गैंग व सेंटर सुपरिटेंडेंट की तलाश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह गिरोह लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं में हाईटेक तरीके से नकल कराने का काम कर रहा था।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

₹266 की यूरिया ₹380 में! कमजोर मानसून के बीच किसानों पर महंगी खाद की दोहरी मार

पलामू: जर्जर ट्रांसफॉर्मर बना मौत का खतरा! क्या 'Strict Liability' के तहत बच सकता है बिजली विभाग? जानिए कब बिजली कर्मचारियों और अधिकारियों पर लागू हुई IPC की धारा 304 व 304A







