BPSC AEDO परीक्षा में फिर बड़ा खुलासा! बायोमेट्रिक ऑपरेटर गिरफ्तार, EOU को मिले अहम सुराग
BPSC AEDO परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े की जांच कर रही EOU ने पटना से बायोमेट्रिक ऑपरेटर अतुल राज को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान परीक्षा केंद्र और कथित सॉल्वर गैंग से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है।


पटना: BPSC की AEDO परीक्षा में कथित फर्जीवाड़े की जांच कर रही आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने एक और कार्रवाई की है। टीम ने बायोमेट्रिक ऑपरेटर अतुल राज को गिरफ्तार किया है। आरोपी कंकड़बाग के पोस्टल पार्क का रहने वाला बताया गया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ परीक्षा में गड़बड़ी के तरीके और उससे जुड़े लोगों को लेकर भी कई सवाल सामने आ रहे हैं।
EOU के मुताबिक, अतुल राज उस समय कंकड़बाग स्थित रघुनाथ उच्च बालिका विद्यालय में बायोमेट्रिक ऑपरेटर के तौर पर तैनात था। जांच के दौरान उसकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उसे आरोपी बनाया गया और अब गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया गया है कि मामले की जांच के दौरान उसकी सहकर्मी दीपिका कुमारी के मोबाइल से परीक्षा से जुड़े साक्ष्य मिले थे। उसका मोबाइल भी परीक्षा केंद्र से जब्त किया गया था।
एक मामले की जांच से खुलती गई परतें
इससे पहले 23 अप्रैल को AN कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी रोशन कुमार को बायोमेट्रिक कर्मी अंशु प्रिया द्वारा उत्तर पुस्तिका देते हुए पकड़े जाने का मामला सामने आया था। इसी केस की जांच के दौरान अतुल राज का नाम सामने आया। EOU को पूछताछ के दौरान परीक्षा केंद्रों के प्रबंधन और कथित सॉल्वर गैंग से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात कही गई है। इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच अभी जारी है।
AEDO परीक्षा पहले से ही विवादों में
BPSC की AEDO परीक्षा अप्रैल 2026 में आयोजित हुई थी और इसके बाद कई केंद्रों पर कथित गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आईं। जांच में बायोमेट्रिक व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई। EOU की जांच में कई बायोमेट्रिक ऑपरेटरों के खुद परीक्षा के अभ्यर्थी होने की बात भी सामने आई थी।
मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और EOU अब परीक्षा केंद्रों, बायोमेट्रिक व्यवस्था और सॉल्वर नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। अब अतुल राज की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी को इस कथित परीक्षा फर्जीवाड़े की और कितनी परतें खोलने में सफलता मिलती है, यह देखना अहम होगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









