गोड्डा में पुलिस का बड़ा एक्शन : राहगीरों को लूटने वाले शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई बाइक-मोबाइल बरामद
26 मार्च की शाम मेहरमा थाना क्षेत्र के फिरोजपुर-भगैया मुख्य मार्ग स्थित धमड़ी ब्रह्मस्थान के पास मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने राहगीरों को निशाना बनाया था. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई अपाची बाइक समेत कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

Godda, Jharkhand: जिले के मेहरमा थाना की पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है. मेहरमा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई अपाची बाइक समेत कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. इस पूरे मामले का खुलासा महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया.
पुलिस के मुताबिक, 26 मार्च की शाम मेहरमा थाना क्षेत्र के फिरोजपुर-भगैया मुख्य मार्ग स्थित धमड़ी ब्रह्मस्थान के पास मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने राहगीरों को निशाना बनाया था. बदमाशों ने सड़क पर जा रहे लोगों से उनकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिए थे. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
घटना के बाद मेहरमा थाना पुलिस लगातार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी. तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आखिरकार दो आरोपियों को धर दबोचा. गिरफ्तार अपराधियों में बृजेश कुमार मंडल का नाम सामने आया है, जो बिहार के भागलपुर जिले के एकचारी दियारा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बृजेश कुमार मंडल का आपराधिक इतिहास भी लंबा है.
मेहरमा थाने में उसके खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज हैं, जबकि बिहार के कहलगांव और घोघा थाने में भी एक-एक मामला दर्ज बताया जा रहा है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटी गई लाल रंग की टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल, विंभो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल, ओप्पो कंपनी का मोबाइल और सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड फोन बरामद किया है. पुलिस का कहना है कि दोनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. वहीं पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
(गोड्डा से प्रिंस याादव की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में बेमौसम बरसात ने ढाया कहर: आंधी-बारिश से ईस्ट जेल रोड पर गिरा पेड़, कार सवार युवक घायल

रामगढ़ के पूरबडीह गांव में हाथियों ने मचाया आतंक, दीवार तोड़कर घर में घुसे.. अनाज भी कर दिया नष्ट







