9 अक्टूबर को रांची के JSCA में T-20 का महामुकाबला, जानिए कब शुरू होगी टिकटों की बिक्री
इस बार स्टेडियम जाकर मैच का लुत्फ उठाने वाले दर्शकों को अपनी जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है। सूत्रों के मुताबिक, अलग-अलग स्टैंड के टिकटों की कीमतों में पिछली बार के मुकाबले कुछ बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है

Ranchi JSCA Stadium: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजधानी रांची के जेएससीए (JSCA) इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच रोमांचक T-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले को लेकर JSCA प्रबंधन ने अपनी तैयारियां पूरी रफ्तार से शुरू कर दी हैं। हालांकि, इस बार स्टेडियम जाकर मैच का लुत्फ उठाने वाले दर्शकों को अपनी जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है। सूत्रों के मुताबिक, अलग-अलग स्टैंड के टिकटों की कीमतों में पिछली बार के मुकाबले कुछ बढ़ोतरी होने की पूरी संभावना है। हालांकि, टिकटों की फाइनल रेट लिस्ट और उनकी ऑनलाइन या ऑफलाइन बिक्री कब से शुरू होगी, इसका आधिकारिक ऐलान होना अभी बाकी है।

स्टेडियम का मेंटेनेंस और फ्लड लाइट्स की टेस्टिंग शुरू
मैच में अब करीब एक महीने का वक्त बचा है, इसलिए प्रबंधन स्टेडियम की हर व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में दिन-रात जुटा हुआ है। स्टेडियम में मेंटेनेंस और रंग-रोगन का काम जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। रात के समय होने वाले इस मुकाबले के दौरान रोशनी में कोई खलल न पड़े, इसके लिए ग्राउंड की फ्लड लाइट्स की खास टेस्टिंग कराई जाएगी।

इसके अलावा दर्शकों की सुविधा के लिए सभी एंट्री गेट्स, बैठने की गैलरी और अंदरूनी सुरक्षा व्यवस्था की भी बारीकी से समीक्षा की जा रही है, ताकि मैच के दिन फैंस को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रांची में टीम इंडिया का रहा है शानदार रिकॉर्ड
रांची के JSCA स्टेडियम का इतिहास भारतीय टीम के लिए काफी लकी और शानदार रहा है। इस मैदान पर अब तक करीब एक दर्जन अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं और ज्यादातर मैचों में तिरंगा शान से लहराया है। इस मैदान पर पिछला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 30 नवंबर 2025 को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था, जो एक रोमांचक वनडे मैच था। उस मैच में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए दक्षिण अफ्रीका को 17 रनों से मात दी थी। अब एक बार फिर घरेलू मैदान पर फैंस को टीम इंडिया से उसी धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू एसपी का औचक निरीक्षण, पांडू थाना समेत तीन पिकेटों की जांच

जमशेदपुर और सरायकेला से हटाए गए पीयूष पांडेय और निधि द्विवेदी ने मांगी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति







