रांची में ब्राउन शुगर का बड़ा खेल बेनकाब, यहां फ्लाईओवर के पास से तस्कर गिरफ्तार
रांची कोतवाली थाना पुलिस ने नागाबाबा खटाल फ्लाईओवर के पास छापेमारी कर दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 8.4 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने हजारीबाग से नशा लाकर रांची में बेचने की बात स्वीकार की।

Ranchi: राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नागाबाबा खटाल के पास फ्लाईओवर के नीचे छापेमारी कर दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से 8.4 ग्राम ब्राउन शुगर और दो स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि नागाबाबा खटाल के पास अवैध नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखकर दोनों संदिग्ध मौके से भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत कुमार वर्मा और कृष्ण कुमार वर्मा के रूप में हुई है।
तलाशी में मिली ब्राउन शुगर
तलाशी के दौरान रंजीत कुमार वर्मा के पास से एल्युमीनियम फॉयल में लिपटा 3.9 ग्राम ब्राउन शुगर और एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं कृष्ण कुमार वर्मा के पास से 4.5 ग्राम ब्राउन शुगर और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया।
हजारीबाग से लाकर रांची में बेचते थे नशा
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हजारीबाग से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची लाते थे और शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर इसकी बिक्री करते थे।
NDPS एक्ट के तहत भेजे गए जेल
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नशा तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









