झारखंड को बड़ी ऊर्जा राहत: 220 केवी दुमका-गोविंदपुर लाइन चालू, 450 मेगावाट तक बिजली आपूर्ति संभव
220 केवी दुमका-गोविंदपुर ट्रांसमिशन लाइन के एक सर्किट के LILO का सफलतापूर्वक चार्जिंग कार्य पूरा कर लिया गया. इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ JUSNLअब NKTL से करीब 450 मेगावाट तक विद्युत प्राप्त करने में सक्षम हो गया है.

Jharkhand News: झारखंड की विद्युत व्यवस्था के लिए गुरुवार यानी कि 7 मई 2026 का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ. दरअसल, 220 केवी दुमका-गोविंदपुर ट्रांसमिशन लाइन के एक सर्किट के LILO (Line In Line Out) का सफलतापूर्वक चार्जिंग कार्य पूरा कर लिया गया. इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ JUSNL (Jharkhand Urja Sancharan Nigam Limited) अब NKTL (North Karanpura Transmission Limited) से करीब 450 मेगावाट तक विद्युत प्राप्त करने में सक्षम हो गया है.
वर्तमान में इस लाइन के माध्यम से दुमका क्षेत्र को करीब 103 मेगावाट तथा गोविंदपुर ग्रिड सबस्टेशन (GSS) को लगभग 80 मेगावाट बिजली मिल रही है. अधिकारियों के अनुसार, जैसे ही यह लाइन अपनी पूर्ण क्षमता से संचालित होगी, राज्य में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी.
इस परियोजना के चालू होने से दुमका, साहिबगंज, पाकुड़, देवघर, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जैसे जिलों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा. साथ ही गोविंदपुर, चंदनकियारी, जैनामोड़, दुमका, महारो, पाकुड़, साहिबगंज, लालमटिया, अमड़ापाड़ा, जसीडीह, गिरिडीह, देवघर, बरहेट और सरिया सहित कई महत्वपूर्ण ग्रिड सबस्टेशनों को अब अधिक स्थिर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी.
विशेष रूप से दुमका, धनबाद और बोकारो में बीते कुछ समय से जारी बिजली संकट और लोड शेडिंग की समस्या से उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है. भीषण गर्मी और पीक लोड के दौरान यह ट्रांसमिशन लाइन राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा साबित होगी.
इस उपलब्धि का श्रेय JUSNL के अधिकारियों, अभियंताओं, साइट टीमों और संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों को दिया जा रहा है. उनके सतत परिश्रम और प्रतिबद्धता ने झारखंड की विद्युत संरचना को नई मजबूती प्रदान की है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रामगढ़ के पूरबडीह गांव में हाथियों ने मचाया आतंक, दीवार तोड़कर घर में घुसे.. अनाज भी कर दिया नष्ट

गोड्डा में पुलिस का बड़ा एक्शन : राहगीरों को लूटने वाले शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई बाइक-मोबाइल बरामद







