पाकुड़ पुलिस का बड़ा एक्शन: 72 घंटे में चोरी की तीन बड़ी वारदातों का खुलासा, 6 शातिर गिरफ्तार
27 मई की रात हाटपाड़ा मेला मैदान स्थित पांच दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की गई थी. बर्तन व्यवसायी शैलेंद्र साव की दुकान से बड़ी मात्रा में कांसा एवं पीतल के बर्तन चोरी हुए थे.

Pakur, Jharkhand: पाकुड़ पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर करारा प्रहार करते हुए तीन अलग-अलग मामलों का सफल उद्भेदन कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि नगर थाना क्षेत्र में हुई तीन प्रमुख चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने कुल 6 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी किए गए पीतल-कांसे के बर्तन, एसी का आउटडोर यूनिट, गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं.
हाटपाड़ा मेला मैदान चोरी कांड का 72 घंटे में खुलासा
27 मई की रात हाटपाड़ा मेला मैदान स्थित पांच दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की गई थी. बर्तन व्यवसायी शैलेंद्र साव की दुकान से बड़ी मात्रा में कांसा एवं पीतल के बर्तन चोरी हुए थे. इस मामले में गठित एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतरजिला गिरोह के तीन सदस्यों बजीर शेख, हाजीबुल शेख और रोनी शेख को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर चोरी की गई सात कांसे की थालियां बरामद की गईं.
रेलवे क्वार्टर चोरी कांड में आदतन अपराधी गिरफ्तार
रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे क्वार्टर में दिसंबर 2025 में हुई नकदी और जेवरात चोरी मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे शातिर अपराधी अमन अंसारी को गिरफ्तार किया. पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ नगर एवं मुफस्सिल थाना में चोरी और सेंधमारी के 13 मामले दर्ज हैं. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.
मेडिकल हॉल से एसी चोरी करने वाले दो आरोपी दबोचे
हटपाड़ा स्थित मां नित्य काली मेडिकल हॉल से 29 मई की रात एसी का आउटडोर यूनिट चोरी होने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया. इस मामले में रहमान शेख और मुहर्रम शेख को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया एसी यूनिट, घटना में प्रयुक्त उपकरण तथा एक अन्य पुराने चोरी कांड से संबंधित दो कांसे की थालियां और गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए.
एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में मिली सफलता
इन सभी मामलों के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण कर अपराधियों तक पहुंच बनाई और लगातार कार्रवाई करते हुए चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश किया.
एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. साथ ही उन्होंने नगर थाना पुलिस, तकनीकी शाखा एवं छापेमारी दल के सभी पुलिसकर्मियों की सराहना की.
(पाकुड़ से नंद किशोर मंडल)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

Gumla: दो नाबालिग चचेरी बहनों से सामूहिक दुष्कर्म का मामला.. 9 दोषियों को 20-20 साल की सजा

झारखंड क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी: शुरू होने जा रहा है JPL, उभरते खिलाड़ियों की प्रतिभा को मिलेगा बेहतरीन मंच







