पटना में ED की बड़ी कार्रवाई: टॉप-10 मोस्ट वांटेड संतोष डॉन के 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
संतोष डॉन का आपराधिक इतिहास काफी पुराना रहा है और उस पर भूमि विवादों सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं. बिहार पुलिस ने साल 2026 में उसे पटना जिले के टॉप-10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में डाला था और वर्तमान में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है.

Patna, Bihar: पटना जिले के खुशरूपुर और बाढ़ क्षेत्र में शनिवार को ED ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला के टॉप-10 अपराधियों में शामिल संतोष यादव उर्फ संतोष डॉन के करीब 25 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की. इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. ईडी की टीमें बाढ़ अनुमंडल के टेका बीघा, खुशरूपुर प्रखंड के चौड़ा, सुकरबेगचक, पचरुखिया, मुस्तफापुर, जगमालबीघा सहित विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की सघन जांच कर रही हैं. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत बड़ी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस की तैनाती की गई है.
संतोष डॉन का आपराधिक इतिहास काफी पुराना रहा है और उस पर भूमि विवादों सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं. बिहार पुलिस ने साल 2026 में उसे पटना जिले के टॉप-10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में डाला था और वर्तमान में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है. जांच एजेंसियों के रडार पर वह लंबे समय से है. इससे पहले दिसंबर 2025 में जब पुलिस ने उसके पचरुखिया स्थित आवास पर दबिश दी थी, तब वह कथित तौर पर साड़ी पहनकर पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा था.
फिलहाल चल रही इस छापेमारी को लेकर ईडी की ओर से कोई आधिकारिक विस्तृत विवरण साझा नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई अवैध वित्तीय लेनदेन और बेनामी संपत्तियों के स्रोतों का पता लगाने के उद्देश्य से की जा रही है. संतोष यादव की पत्नी पैक्स अध्यक्ष भी रही हैं, ऐसे में एजेंसी उनके वित्तीय संबंधों की भी पड़ताल कर रही है.
(रविशंकर की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

नालंदा में बाल श्रम के खिलाफ बड़ा अभियान, अधिकारियों ने बाल श्रम रोकने की दिलाई शपथ

बिहारशरीफ-राजगीर फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा: मलमास मेले से ड्यूटी खत्म कर लौट रहे पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल







