गिरिडीह में बड़ा हादसा!, तालाब में कमल का फूल तोड़ने गए 13 साल के दो मासूमों की डूबने से दर्दनाक मौत
खबर मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग दौड़ते हुए तालाब की ओर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में छलांग लगाई और बच्चों की तलाश शुरू कर दी।

Giridih: झारखंड के गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र स्थित रानीखावा गांव से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। शुक्रवार की सुबह यहां दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान रानीखावा के रहने वाले 13 वर्षीय हार्दिक रजक (पिता शंकर रजक) और 13 वर्षीय प्रेम रजक (पिता विष्णु रजक) के रूप में हुई है। घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब दोनों बच्चे सड़क किनारे स्थित एक तालाब में कमल का फूल तोड़ने के लिए गए थे। फूल तोड़ने के चक्कर में दोनों बच्चे तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गए।
साथ मौजूद बच्चे ने दी खबर, मची अफरा-तफरी
हादसे के समय दोनों बच्चों के साथ उनका एक और साथी भी मौजूद था। जैसे ही उसने दोनों को पानी में डूबते देखा, वह बदहवास होकर भागता हुआ गांव पहुंचा और परिजनों व ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। खबर मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग दौड़ते हुए तालाब की ओर पहुंचे। ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में छलांग लगाई और बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, रो-रोकर बुरा हाल
ग्रामीणों की करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को किसी तरह पानी से बाहर निकाला गया। इस बीच सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मदद से दोनों बच्चों को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे रानीखावा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और दोनों बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

खाने के समय जुटती है भीड़, बाकी समय सन्नाटा..., रांची में छात्रों के आंदोलन में अब कैसे हैं हालात?

गढ़वा में गजब का फर्जीवाड़ा!, 30 टन मक्का बेचकर रचा एक्सीडेंट का नाटक, बकाया पैसा लेने पहुंचा चालक गिरफ्तार







