पिस्टल तानने की नौबत आती, उससे पहले हथकड़ी लग गई!
लखौरा में पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल और छह कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। करीब 45 मिनट की घेराबंदी के बाद हुई गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार लेकर युवक आखिर किस मंसूबे से घूम रहा था।


मोतिहारी: लखौरा थाना क्षेत्र में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में जुटे एक हथियारबंद युवक को पुलिस ने वारदात से पहले ही दबोच लिया। गुप्त सूचना पर लखौरा पुलिस ने झिटकहिया गांव में बांसवारी के पास ऐसी घेराबंदी की कि संदिग्ध को संभलने तक का मौका नहीं मिला। करीब 45 मिनट तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने युवक को एक देसी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते टाल दिया।
45 मिनट बाद गिरफ्त में आया युवक
लखौरा थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि झिटकहिया गांव में एक युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष दल-बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने बांसवारी के आसपास घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस की नाकेबंदी के बीच करीब 45 मिनट बाद संदिग्ध युवक को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार युवक की पहचान विक्की कुमार, निवासी अंबिका नगर, चिलवनिया, थाना बंजरिया, पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है।
किस वारदात की थी तैयारी?
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विक्की कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास, हथियार के स्रोत और उस वारदात का पता लगाने में जुटी है, जिसे अंजाम देने के लिए वह कथित तौर पर हथियार लेकर घूम रहा था। लखौरा पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तेजी दिखाई तो अपराधी के मंसूबे वारदात में तब्दील होने से पहले ही ध्वस्त हो गए। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

दिल्ली से पटना लौटे निशांत कुमार, पहले नड्डा फिर नीतीश से मुलाकात; जानिए क्या हुई बात

पटना हाईकोर्ट को जल्द मिलेगा नया चीफ जस्टिस! दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस के नाम की सिफारिश







