सहरसा में बेकाबू ट्रक ने एक मजदूर को रौंदा, चालक-खलासी फरार, एक गिरफ्तार
गुरुवार सुबह रामबिलास शाह अपने काम पर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे गिट्टी लदे हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन रोकने के बजाय मजदूर को करीब 20-25 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा.

Saharsa (Bihar): सहरसा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गेरूआहा सुखासन वार्ड नंबर-3 में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक बेकाबू हाइवा ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान इटहरा रामपुर वार्ड नंबर-1 निवासी रामबिलास शाह के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह रामबिलास शाह अपने काम पर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे गिट्टी लदे हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन रोकने के बजाय मजदूर को करीब 20-25 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा. इस भयावह घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शी अमित यादव ने बताया कि स्थानीय लोगों ने किसी तरह ट्रक को रुकवाया. वाहन रुकते ही उसमें सवार तीन लोग कूदकर भागने लगे. ग्रामीणों ने पीछा कर एक व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. पकड़े गए व्यक्ति की पहचान उमेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है. उसने बताया कि वह ट्रक के पिछले हिस्से में सो रहा था और बाहर निकलते ही लोगों ने उसे पकड़ लिया.
घटना स्थल पर मौजूद पूर्व मुखिया केवल यादव ने बताया कि हादसा बेहद दर्दनाक था. ट्रक मृतक को काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया. मृतक इटहरा रामपुर का निवासी था. सूचना मिलते ही ट्रैफिक थाना प्रभारी रामाशंकर मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
वहीं सदर थाना पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस फरार चालक और खलासी की तलाश में जुटी है. यह घटना एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही से हो रहे हादसों की गंभीर हकीकत को उजागर करती है.
रिपोर्ट- इंद्रदेव
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

MP: जमीन विवाद की शिकायत दर्ज कराकर थाने से घर लौट रहे दंपति पर फायरिंग, 2 को ग्रामीणों ने दबोचा, 2 फरार

Muzaffarpur: 'घूसखोर' थानेदार पर गिरी गाज, वीडियो वायरल होने के बाद गिरफ्तारी के डर से हुए फरार







