आबुआ आवास योजना में अनियमितता का आरोप, महिलाओं ने मुखिया पर रिश्वत मांगने का लगाया आरोप
लेस्लीगंज प्रखंड अंतर्गत झरकटिया गांव में आबुआ आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं।

Palamu पलामू जिले के लेस्लीगंज प्रखंड अंतर्गत झरकटिया गांव में आबुआ आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। गांव की दो महिलाओं—कविता देवी और मनीता देवी—ने आरोप लगाया है कि योजना की सूची में नाम होने के बावजूद उन्हें अब तक आवास का लाभ नहीं मिला। महिलाओं का कहना है कि आवास स्वीकृत कराने के नाम पर उनसे 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार उनका घर आज भी कच्चा और जर्जर है। बारिश के मौसम में मकान गिरने का खतरा बना रहता है, जिससे परिवार लगातार भय के साये में जी रहा है। मनीता देवी ने बताया कि वह अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से हैं, लेकिन दस्तावेजों में उन्हें गलत श्रेणी में दर्ज कर दिया गया, जिसके कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पाया।
वहीं कविता देवी ने बताया कि उनके पति एक दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से अस्वस्थ हैं। वह न तो ठीक से चल पाते हैं और न ही बोल पाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और कच्चे घर में रहना उनकी मजबूरी बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा यह कहकर आवास से वंचित किया जा रहा है कि उनके पास पहले से पक्का मकान है, जबकि हकीकत में उनके पास कोई पक्का घर नहीं है।
महिलाओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उनके नाम पर पक्का मकान दर्ज है तो उसकी जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जाए। उनका आरोप है कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के बजाय कुछ लोगों द्वारा पैसे की मांग कर लाभुकों का शोषण किया जा रहा है।
ग्रामीणों और पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, रिश्वत मांगने के आरोपों की सत्यता की पड़ताल करने तथा पात्र लाभुकों को शीघ्र आबुआ आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने की मांग की है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पति ने बनाया अश्लील वीडियो, घरवालों ने किया रेप, 2 साल से इंसाफ की तलाश में पीड़िता

गिरिडीह बरनवाल सेवा समिति ने शीतल पेयजल का किया उद्घाटन, उद्योगपति जयप्रकाश लाल कार्यक्रम में हुए शामिल







