ABVP का विधानसभा घेराव : पुलिस ने रास्ते में रोका, राष्ट्रीय महामंत्री समेत 200 से अधिक कार्यकर्ता हिरासत में
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ ABVP ने विधानसभा घेराव किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोका और राष्ट्रीय महामंत्री समेत 200 से अधिक कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर खेलगांव कैंप जेल भेजा।

ABVP Assembly Gherao : झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित धांधली और छात्रों की न्यायसंगत मांगों के समर्थन में मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने बड़ा प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव का प्रयास किया। हालांकि, पुरानी विधानसभा के पास पहले से मुस्तैद पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए दर्जनों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
राष्ट्रीय महामंत्री समेत 200 से अधिक कार्यकर्ता हिरासत में, खेलगांव बने कैंप जेल भेजे गए
ABVP की ओर से जारी बयान के अनुसार, विधानसभा की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह और झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी समेत 200 से अधिक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रदर्शनकारियों की भारी संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें खेलगांव स्थित कैंप जेल में रखा है। संगठन ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जता रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया बल प्रयोग और गिरफ्तारी की कड़े शब्दों में निंदा की है।
परीक्षा रद्द कर निष्पक्ष जांच कराने और संस्थागत सुधार की मांग
ABVP के झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि JPSC और JSSC की परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि जिन परीक्षाओं में धांधली के गंभीर आरोप हैं, उन्हें तुरंत रद्द किया जाए और पूरी पारदर्शिता के साथ नए सिरे से परीक्षा आयोजित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने पूरी परीक्षा प्रणाली में आवश्यक तकनीकी, प्रशासनिक और संस्थागत सुधार करने की भी पुरजोर वकालत की।
लाठी और गिरफ्तारी से नहीं दबेगी छात्रों की आवाज
प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं और छात्रों की जायज आवाज को पुलिस की लाठियों या गिरफ्तारियों के दम पर दबाया नहीं जा सकता। ABVP छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू होने तक अपना लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि JPSC-JSSC की कार्यशैली को लेकर राज्य के लाखों युवाओं में भारी आक्रोश है और सरकार को हठधर्मिता छोड़कर तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चतरा में नक्सलियों के मददगार पर पुलिस का शिकंजा, मनोहर गंझू का करीबी कुलदीप गिरफ्तार

10 लाख के इनामी जोनल कमांडर समेत 4 खूंखार नक्सलियों ने डाले हथियार, कोल्हान में पुलिस को मिली बड़ी सफलता







