पलामू में कोयले से लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतरे
पलामू में गढ़वा रोड और सिगसिगी स्टेशन के बीच कोयले से लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन डाउन लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ।

पलामू: पूर्व मध्य रेलवे के बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर मंगलवार को बड़ा रेल हादसा टल गया। गढ़वा रोड और सिगसिगी रेलवे स्टेशन के बीच सबनवा गांव के पास कोयले से लदी मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद डाउन लाइन पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। हालांकि, राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बरकाकाना से सोननगर जा रही थी मालगाड़ी
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी बरकाकाना की ओर से कोयला लेकर सोननगर जा रही थी। गढ़वा रोड स्टेशन पार करने के बाद जब मालगाड़ी सिगसिगी स्टेशन की ओर बढ़ रही थी, उसी दौरान ग्रासिम इंडस्ट्री के पास सबनवा गांव में रिवर्सिबल लाइन पर इसके 11 डिब्बे बेपटरी हो गए।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची रेलवे की टीम
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञ और इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद राहत और बहाली का काम शुरू कर दिया गया। रेलवे की टीम क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने में जुटी है, ताकि रेल परिचालन जल्द सामान्य किया जा सके।
मुख्य रेल लाइन को नुकसान नहीं, लेकिन परिचालन पर फैसला बाकी
डालटनगंज के यातायात निरीक्षक अनिल कुमार तिवारी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अप और डाउन मुख्य रेल लाइनों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, डाउन लाइन से कुछ दूरी पर मालगाड़ी के कुछ डिब्बे झुके हुए हैं।
उन्होंने बताया कि दूसरे ट्रेनों से इन डिब्बों के टकराने की आशंका को देखते हुए फिलहाल रेल परिचालन को लेकर निर्णय नहीं लिया गया है। रेलवे अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
रेलवे प्रशासन ने मालगाड़ी के बेपटरी होने की घटना की जांच शुरू कर दी है। आखिर किन परिस्थितियों में मालगाड़ी के 11 डिब्बे पटरी से उतरे, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रांची में 15 अगस्त के दिन चिकन-मटन की बिक्री पर पूरी तरह रोक, नियम तोड़ा तो...

लाठीचार्ज भी नहीं तोड़ सका हौसला! JPSC-JSSC छात्रों का 10वें दिन भी आमरण अनशन जारी







