समस्तीपुर में भुंजा बेच रहे युवक की बेरहमी से हत्या, शराब कारोबारी पर गला दबाकर मारने का आरोप
धर्मनाथ सहनी रोज की तरह कोठिया ढाब के समीप भुजा बेच रहे थे. इसी दौरान उन्होंने पास में तारी बेच रहे व्यक्ति से एक बोतल तारी खरीदकर पी. कुछ समय बाद उन्होंने दूसरी बोतल स्वयं उठाकर पीनी शुरू कर दी. इसी बात को लेकर कथित रूप से तारी विक्रेता मंटून सहनी नाराज हो गया.

Samastipur, Bihar : समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित कोठिया ढाब के समीप रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां भुजा बेचकर जीविकोपार्जन करने वाले एक 35 वर्षीय युवक की कथित रूप से बेरहमी से हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. मृतक की पहचान धर्मनाथ सहनी (35 वर्ष), पिता राम इकबाल सहनी, निवासी ग्राम कोठिया वार्ड संख्या-2 के रूप में हुई है. परिजनों ने स्थानीय तारी एवं शराब कारोबारी मंटून सहनी पर हत्या का आरोप लगाया है.
क्या है पूरा मामला?
मृतक के भतीजे ने बताया कि धर्मनाथ सहनी रोज की तरह कोठिया ढाब के समीप भुजा बेच रहे थे. इसी दौरान उन्होंने पास में तारी बेच रहे व्यक्ति से एक बोतल तारी खरीदकर पी. कुछ समय बाद उन्होंने दूसरी बोतल स्वयं उठाकर पीनी शुरू कर दी. इसी बात को लेकर कथित रूप से तारी विक्रेता मंटून सहनी नाराज हो गया.
परिजनों का आरोप है कि मंटून सहनी ने धर्मनाथ सहनी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें लात-घूंसों से पीटने लगा. मारपीट के दौरान जब धर्मनाथ नशे की हालत में जमीन पर गिर गए तो आरोपी ने उनके गले में गमछा डालकर कस दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही खानपुर थाना अध्यक्ष शिवपूजन सहाय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उनके साथ डायल-112 की टीम के जवान काशीनाथ साह, अनिल कुमार, अजय दुबे सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे. पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा वहां से कई महत्वपूर्ण नमूने और साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए अपने साथ ले गई.
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की. लोगों का कहना था कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाई जाए.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
(समस्तीपुर से धर्म विजय प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मोतिहारी में भीषण गर्मी में गहराया बिजली संकट, 6 दिनों से है बिजली गुल, लोगों का फूटा गुस्सा

संपत्ति विवाद में बाप ने बेटे पर किया चाकू से हमला, लव मैरेज से परिवार में होता रहता है कलह







